TCS Sexual Harassment Case: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक यूनिट से जुड़े मंतातरण और यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी निदा खान की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि निदा खान फरार चल रही है। उसकी लोकेशन को लेकर उसके पति के बयानों में विरोधाभास सामने आया है। इससे पहले कहा जा रहा था कि निदा खान मुंबई में ही छिपी हुई है। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पुलिस ने शुक्रवार को निदा खान के पति मोइन नवेद इकबाल से पूछताछ की थी। उसने पुलिस को बताया कि निदा 14 अप्रैल को घर से निकल गई थी और एक रिश्तेदार के यहां रह रही है। पुलिस जब उस पते पर पहुंची तो उसे घर बंद मिला और सभी लोगों के मोबाइल भी बंद थे। फिर पुलिस ने जब उसके पति से पूछा तो उसने बताया कि निदा की मौसी नूरी शेख उसे अपने साथ नासिक ले गई थी। इसके बाद उसके पति ने दावा किया कि उसे अपनी पत्नी और इस पूरे प्रकरण की मुख्य आरोपी निदा खान की सही लोकेशन पता नहीं है।
दूसरी तरफ TCS आरोपी निदा खान को सस्पेंड कर चुकी है। TCS ने अपने बयान में कहा है कि निदा खान एचआर मैनेजर नहीं बल्कि प्रोसेस एसोसिएट थीं। निलंबन पत्र में मामले को गंभीर बताते हुए कंपनी सिस्टम तक उनकी पहुंच अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
TCS मतांतरण केस: सस्पेंड हुई निदा खान, लेटर से खुली पोल- वो HR हेड नहीं…ये थी उसकी असली पोस्ट
क्या है पूरा मामला?
नासिक टीसीएस की एक 23 साल की बीपीओ कर्मचारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक उसके सीनियर सहकर्मी दानिश शेख ने शादी का झूठा वादा कर उसका शारीरिक शोषण किया और उस पर मुस्लिम बनने का दबाव डाला गया। जिसमें उनका साथ निदा खान ने दिया। शिकायत के अनुसार, निदा खान और तौसीफ ने मिलकर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थीं। आरोप लगा कि उनका यह गिरोह सुनियोजित तरीके से 18 से 25 साल की युवा महिला कर्मचारियों को अपना शिकार बनाता था। इसके लिए उन्होंने एक व्हॉट्सएप ग्रुप भी बनाया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (विवाह का झूठा वादा करके यौन संबंध बनाना), 75 (यौन उत्पीड़न) और 299 (धार्मिक आस्था का अपमान) के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज किए हैं।
इस मामले में अब तक दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि निदा खान अभी फरार है।
हिंदू लड़कियों को ऑफिस में बुर्का पहनना सिखाती थी निदा खान
निदा खान की छवि ऑफिस में दबंग की थी। सब उससे डरते थे। वह दफ्तर में महिलाओं को इस्लामी परंपरा के मुताबिक कपड़े पहनने सिखाती थी। निदा खान हिंदू लड़कियों को बुर्का पहनने के लिए मजबूर करती थी। मीडिया रिपोर्ट में कंपनी की एक महिला कर्मचारी ने खुलासा किया है कि निदा खान ऑफिस में महिलाओं को बुर्का पहना सिखाती थी। उसकी भूमिका कंपनी में सिर्फ एक कर्मचारी तक ही सीमित नहीं थी। वह उन आरोपी टीम लीडर्स के साथ खड़ी रहती थी जिन पर कर्मचारियों पर जबरन मतांतरण और यौन उत्पीड़न के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
निदा खान की पहचान बीपीओ में ‘दबंग मैम’ की थी। वह कर्मचारियों पर बुर्का पहनने और इस्लाम के कस्टम अपनाने का दबाव डालती थी। उसके प्रभाव के कारण लोग उससे डरते थे। वह जबरन वहां काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों को मुस्लिम बनाने का काम कर रही थी।













