उधम सिंह नगर: बाहरी राज्यों से आए मुस्लिमों द्वारा उत्तराखंड के सीमांत जनपदों में सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करके भवनों का निर्माण जारी है। शिकायत मिलने पर डीएम ने प्रशासनिक दल को भेजा और अवैध कब्जों की पुष्टि हुई।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर ग्राम फजलपुर महरौला, रुद्रपुर में सीलिंग की वादग्रस्त भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत एवं अवैध रूप से विद्यालय संचालन की शिकायत पर जांच के लिए टीम पहुंची। ग्राम फजलपुर महरौला रुद्रपुर में एक कब्जेदार ने स्कूल की इमारत खड़ी कर ली। एडीएम पंकज उपाध्याय ने डिजिटल ग्लोबल वर्ल्ड स्कूल के मालिक शकील द्वारा सीलिंग की लगभग 400 वर्ग मीटर भूमि पर बिना भूमि स्वामित्व के बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किए जाने पर उनसे भू राजस्व संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा। कब्जेदार द्वारा दस्तावेज नहीं दिखाने पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा भूमि के गेट को सील करके भवन को अपने कब्जे में लिया गया।
उक्त स्कूल का मूल भवन लगभग 400 वर्ग गज पर बना है किन्तु बिना उक्त भूमि के स्वामित्व एवं मानचित्र के स्कूल संचालन की मान्यता वर्ष 2025 में प्राप्त कर संचालन किया जा रहा था। एडीएम उपाध्याय ने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी को कल तक जांच कर एवं वैध कारवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण के अन्य प्रकरण की तत्काल जांच के निर्देश प्राधिकरण और राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए गए. क्षेत्र में बिना भूमि स्वामित्व एवं स्वीकृत मानचित्र के विद्युत कनेक्शन न देने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
प्रशासनिक कारवाई के दौरान एडीएम के साथ नगर आयुक्त, एसडीएम रुद्रपुर ,तहसीलदार रुद्रपुर, प्राधिकरण, विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

















