जबलपुर। पिछले दिनों लेंसकार्ट के विवाद के बाद अब जबलपुर के शास्त्री ब्रिज स्थित पैंटालून शोरूम पर आरोप लगे हैं कि वहां कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोका गया। मंगलवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, साथ ही पूरे स्टाफ को तिलक लगाकर कलावा बांधा गया। शोरूम के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
आरोप है कि कर्मचारियों पर धार्मिक प्रतीकों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा था और ऐसा न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। कुछ कर्मचारियों ने अनौपचारिक रूप से ऐसे निर्देश मिलने की बात भी कही है। बताया जा रहा है कि शोरूम के मैनेजर द्वारा कर्मचारियों को धार्मिक प्रतीक न पहनने के निर्देश दिए गए थे, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। इसी विवाद के चलते दो दिन पहले एक कर्मचारी ने नौकरी भी छोड़ दी।
हालांकि, शोरूम प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज किया है। मैनेजर का कहना है कि उन्होंने किसी भी कर्मचारी को धार्मिक आधार पर नहीं रोका, बल्कि केवल कंपनी के ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा गया था।
वहीं, हिंदू संगठन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

















