देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर एक राहत भरी खबर सामने आई है। MT Sarv Shakti नाम का बड़ा जहाज, जिसमें 46,313 मैट्रिक टन एलपीजी भरी हुई है, सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुका है। यह खबर इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि पिछले कुछ समय से मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने की वजह से तेल और गैस सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई थी।
भारत अपनी जरूरत का काफी एलपीजी विदेशों से मंगाता है। ऐसे में यह जहाज सुरक्षित तरीके से भारत की तरफ बढ़ रहा है, जिससे गैस सप्लाई को लेकर लोगों को राहत मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज 13 मई तक विशाखापत्तनम पहुंच सकता है। माना जा रहा है कि इससे आने वाले दिनों में गैस की सप्लाई सामान्य बनी रहेगी। हालांकि, इस अच्छी खबर के बावजूद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई कमी नहीं हुई है। 3 मई 2026 को जारी ताजा रेट के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर पुराने दामों पर ही मिल रहा है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये है। वहीं चेन्नई में 928.50 रुपये और हैदराबाद में 965 रुपये में सिलेंडर मिल रहा है। कोलकाता में लोगों को 939 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- LPG यूजर्स ध्यान दें! सरकार ने जारी किए नए नियम, हर ग्राहक के लिए जानना जरूरी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया के तेल और गैस बाजार पर दिखाई दे रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता माना जाता है। इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में तेल और गैस अलग-अलग देशों तक पहुंचती है। 1 मई को 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3061.50 रुपये पहुंच गई। रिपोर्ट्स के अनुसार देश ने गैस उत्पादन में करीब 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। इससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में सप्लाई बेहतर होगी।















