Punjab News : केंद्र सरकार पर सीबीआई ईडी जैसी एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग के आरोप लगाने वाली आम आदमी पार्टी खुद इसी रास्ते चलती दिख रही है। आरोपों के अनुसार सियासी कनेक्शन या सियासी प्रतिशोध के चलते बरनाला जिले के धौला स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री में पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की एक बड़ी टीम ने अचानक छापेमारी की है। यह फैक्ट्री आप छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी में जाने वाले उद्योगपति राजेंद्र गुप्ता की है।
बरनाला के धौला स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री 10 अफसरों की टीम कर रही जांच
सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी में प्रदूषण बोर्ड के करीब 10 उच्चाधिकारी शामिल हैं, जो फैक्ट्री के भीतर प्रदूषण मानकों और दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप : AAP छोड़ बीजेपी में जाने का मिला ‘इनाम’?
इस छापेमारी को पंजाब की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गौरतलब है कि ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक राजेंद्र गुप्ता ने अभी कुछ दिन पहले ही आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। उनके पाला बदलने के तुरंत बाद हुई इस कार्रवाई ने सियासी चर्चाओं को गर्म कर दिया है।
कार्रवाई पर आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि यह रूटीन चेकिंग है या किसी विशेष शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई। लेकिन 10 अधिकारियों की मौजूदगी इस रेड की गंभीरता को दर्शा रही है।

















