ऋषिकेश: एक स्वामी द्वारा देश के महामहिम उपराष्ट्रपति के साथ एआई फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने स्वामी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मामला कुछ यूं है कि बीते रोज एम्स ऋषिकेश में आयोजित दीक्षांत समारोह में देश के महामहिम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के स्वागत के चलते कई गणमान्य लोग और राजनीतिक लोग उनसे मिले थे। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक इसी बीच एक स्वामी रसिक महाराज को न जाने क्या सूझी उन्होंने एआई की सहायता से महामहिम उपराष्ट्रपति के साथ हाथ मिलाते हुए एआई फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पुलिस उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पंवार के अनुसार स्वामी रसिक महाराज द्वारा एआई इलेक्ट्रॉनिक्स संसाधनों का प्रयोग करते हुए महामहिम उपराष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ अपनी फर्जी फोटो को समाज में दिखाकर भ्रमित करते हुए ऊंची पहुंच वाला प्रदर्शित कर लाभ कमाने के लालच में बेइमानी और धोखाधड़ी की नियत से अपने फेसबुक पेज के माध्यम से फोटो वायरल कर छल किया गया है। जिस पर कोतवाली ऋषिकेश में रसिक महाराज के खिलाफ तत्काल आईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या कहना है स्वामी का
वहीं इस सम्बन्ध में स्वामी रसिक महाराज ने बताया कि उन्होंने किसी भी तरह से एआई/आईटी एक्ट का उल्लंघन नहीं किया है। जो फोटो प्रसारित की गई है वह सही है जो उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ली गई बताई है।

















