आज के समय में भविष्य निधि यानी PF नौकरीपेशा लोगों के लिए एक सुरक्षित बचत का जरिया बन चुका है। यह पैसा मुश्किल समय में बहुत काम आता है, जैसे नौकरी छूटने पर, इलाज के लिए या किसी बड़ी जरूरत के समय। लेकिन PF का पैसा निकालने या एक अकाउंट से दूसरे में ट्रांसफर करने के लिए EPFO पोर्टल पर KYC अपडेट होना बहुत जरूरी है।
KYC अपडेट करने का मतलब है कि आपने अपनी पहचान और बैंक से जुड़ी जानकारी सही तरीके से EPFO के साथ शेयर की है। अगर आपकी KYC पूरी नहीं है, तो PF निकालते समय दिक्कत आ सकती है या फिर ज्यादा टैक्स भी कट सकता है। इसलिए इसे समय पर अपडेट करना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि अब KYC अपडेट करने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप इसे घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से आसानी से कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- PF का पूरा पैसा निकालना है? पहले करें ये जरूरी काम, वरना अटक जाएगा आपका क्लेम
घर बैठे मिनटों में EPFO KYC अपडेट करें- इसके लिए सबसे पहले EPFO की वेबसाइट पर जाकर Member e-Sewa में लॉगिन करना होता है। लॉगिन करने के लिए आपका UAN नंबर और पासवर्ड होना जरूरी है। लॉगिन करने के बाद “Manage” ऑप्शन में जाकर “KYC” पर क्लिक करें। यहां आप अपनी बैंक डिटेल्स और PAN नंबर जोड़ सकते हैं। बैंक की जानकारी भरते समय अकाउंट नंबर और IFSC कोड बिल्कुल सही डालें, क्योंकि छोटी सी गलती भी आपकी रिक्वेस्ट को रिजेक्ट कर सकती है। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिससे वेरिफिकेशन पूरा होगा। जब आप सारी जानकारी भर देते हैं, तो आपकी KYC रिक्वेस्ट आपके नियोक्ता के पास अप्रूवल के लिए चली जाती है। जब कंपनी इसे मंजूरी दे देती है, तब आपकी KYC पूरी तरह अपडेट हो जाती है। कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है। जैसे आपका नाम बैंक अकाउंट, आधार और EPFO रिकॉर्ड में एक जैसा होना चाहिए। साथ ही आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए, ताकि OTP सही से मिल सके। KYC अपडेट होने के बाद आप उसका स्टेटस भी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इस तरह आप बिना किसी परेशानी के अपने PF से जुड़े काम आसानी से कर सकते हैं।














