भुवनेश्वर: गौवंश की तस्करी के लिए इस्तमाल हो रहे एक पिक अप वैन ओडिशा के कटक जिले के बांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत जाटमुंडिया–सुबर्णपुर पुल पर पलट गई। इस घटना के बाद वहां से 35 गौवश को बचाया गया है । इस घटना के बाद इलाके में रोष देखा गया। पुलिस के अनुसार, बांकी क्षेत्र में हुई घटना तब हुई जब भारी मात्रा में गौवंश से लदी पिकअप वैन पुल पार करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
बचाव कार्य के दौरान पुलिस ने उसी मार्ग से गुजर रहे दो अन्य संदिग्ध वाहनों को रोका। जांच में पाया गया कि इन वाहनों में भी गोवंश को ले जाया जा रहा था । कुल मिलाकर तीनों वाहनों से 35 गौवंश को बचाया गया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने गौवंश के स्रोत और गंतव्य की जांच शुरू कर दी है तथा यह भी देखा जा रहा है कि क्या परिवहन के लिए वैध दस्तावेज मौजूद थे। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिपिली में भीड़ ने दो वैन में लगाई आग
एक अन्य घटना में, शनिवार तड़के करीब 3 बजे पिपिली क्षेत्र के सतशंखा के पास स्थानीय लोगों ने दो बोलेरो पिकअप वैन को रोक लिया । इन वाहनों के जरिये गौवंश की तस्करी की जा रही थी । गुस्साए लोगों ने पहले गायों को वाहनों से उतारकर छोड़ दिया और फिर दोनों वैन में आग लगा दी।
सूचना मिलने पर पिपिली की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वैन के मालिकों व चालकों की तलाश की जा रही है, जो घटना के दौरान फरार हो गए।

















