यूपी एसटीएफ को विगत काफी दिनों से फरार अभियुक्तों के सक्रिय होने की सूचनाएँ प्राप्त हो रही थीं। एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज को सूचना मिली कि जनपद चंदौली के थाना सैयदराजा पर पंजीकृत मुकदमें में वांछित एवं 50 हजार रूपये का पुरस्कार घोषित अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार गुप्ता थाना क्षेत्र थरवई प्रयागराज में मौजूद है। उक्त सूचना पर एसटीएफ टीन द्वारा उपरोक्त स्थान से अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ पर गिरफ्तार अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा बताया गया कि वह वाहन संख्या: यूपी-83 सी.टी. 6097 का स्वामी है, जिसे उसके द्वारा किराये पर चलवाया जाता था। उक्त वाहन पर गौतस्कर रूपचन्द्र यादव गत 04 अप्रैल 2025 को गोवंशीय पशु लोडकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। थाना सैयदराजा जनपद चंदौली पुलिस द्वारा नगर पंचायत पोखरा एन.एच.-2 हाइवे पर ग्राम सुण्डेहरा के सामने पकड़ लिया गया जिसके सम्बन्ध में थाना सैयदराजा पर अभियोग पंजीकृत हुआ था। उक्त अभियोग की विवेचना के दौरान उसका नाम प्रकाश में आया था जिसे कुछ दिन बाद पता चला कि उक्त मुकदमे में उसके ऊपर 50 हजार रूपये का इनाम घोषित हो चुका है, जिससे वह गिरफ्तारी के भय से इधर उधर छिपकर रहने लगा था।
गिरफ्तार अभियुक्त धीरेन्द्र कुमार गुप्ता को गो वध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में थाना सैयदराजा जनपद चंदौली में दाखिल किया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

















