मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मंगलवार सुबह (7 अप्रैल) कुकी उग्रवादियों ने एक आवासीय क्षेत्र में रॉकेट और मिसाइलों से हमला किया। हमले में दो छोटे बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने घटना का विरोध करते हुए अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। मणिपुर सरकार ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए पांच जिलों इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में इंटरनेट व मोबाइल सेवाओं पर तीन दिनों के लिए अस्थायी रोक लगा दी है।
रात में सो रहे परिवार पर किया हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला देर रात 1 बजे मोइरांग ट्रोंगलाओबी गांव के एक घर पर हुआ। उस समय घर में एक मां अपने पांच साल के लड़के और छह महीने की बच्ची के साथ सो रही थी। अचानक हुए धमाके में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह गांव पहाड़ी और घाटी के बीच संवेदनशील सीमा पर स्थित है। गांव वालों का दावा है कि पहले भी आस-पास की पहाड़ियों में ऊंची जगहों से बम विस्फोट किया गया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कई किलोमीटर दूर से लंबी दूरी के हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद
मणिपुर सरकार ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया है। सरकार के निर्देश के अनुसार यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला मौजूदा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाहों और गलत सूचनाओं को फैलने से रोका जा सके।
जातीय हिंसा की चपेट में रहा है मोइरांग ट्रोंगलाओबी
बिष्णुपुर की सीमा कुकी बहुल चुराचंदपुर जिले से लगती है। जिस मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में यह हमला हुआ, वह चुराचंदपुर पहाड़ी इलाकों के बेहद करीब है। इस इलाके में वर्ष 2023 और 2024 में जातीय हिंसा के दौरान लगातार गोलीबारी देखने को मिली है।
NPP विधायक ने हमले की कड़ी निंदा की
नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के विधायक शांति सिंह ने मोइरांग ट्रोंगलाओबी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे बेहद क्रूर और अमानवीय कृत्य बताया। विधायक ने कहा, “यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों की हमारे समाज में कोई जगह नहीं है।” उन्होंने हमले में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इतने छोटे और मासूम बच्चों की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद और निंदनीय है। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

















