नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान का युद्ध जारी है। इस युद्ध में अभी तक भारी क्षति हुई है। अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान पर कई बड़े हमले किए। अमेरिकी सेना ने होर्मुज के पास 5 हजार पाउंड यानी करीब 2267 किलो का बम गिराया है। इसे बहुत बड़ा हमला माना जा रहा है।अमेरिका ने कई हजार किलो के डीप पेनेट्रेटर बमों से ईरान पर हमला किया। इन हमलों में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के तटीय क्षेत्रों में स्थित कड़े सुरक्षा वाले मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिकी का कहना है कि इन ठिकानों पर मौजूद एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा बन रही थीं। इसी कारण होर्मुज पर ये बड़ा हमला किया गया है। दूसरी तरफ ईरान ने भी इस्राइल के मध्य क्षेत्र में बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई।
इस्राइल का कहना है कि ईरान के इन हमलों में रमत गन शहर में एक पुरुष और एक महिला की मौत हुई है। संयुक्त अरब अमीरात में भी ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि हुई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में वायु रक्षा प्रणालियों ने बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका और लड़ाकू विमानों ने ईरानी ड्रोन्स को मार गिराया।

इस्राइल की ओर से भी ईरान पर लगातार हवाई हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में ईरान के शीर्ष अधिकारी अली लारीजानी और बासिज फोर्स के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत हुई है। इस्राइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर भारी हवाई हमले किए हैं। बता दें कि ईरान-इजरायल और अमेरिका युद्ध 19वें दिन में प्रवेश कर गया है। अभी तक शांति की उम्मीद नहीं दिख रही है। इस युद्ध की कीमत खाड़ी दोस्तों को भी चुकानी पड़ रही है। अमेरिका और इजरायल से जंग के बीच ईरान में जमकर नुकसान हो रहा है। भारत ने वहां मेडिकल हेल्प भेजी है। यह मदद ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को पहुंचा दी गई है।

















