खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से दुनियाभर में तेल और गैस संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में भारत में भी एलपीजी संकट के बादल गहरा गए थे, लेकिन भारत सरकार की कोशिशों के चलते देश के अब राहत की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। यह कदम उन लोगों के लिए बड़ी राहत है जो होटल, रेस्टोरेंट और छोटे-मोटे काम-धंधों में एलपीजी का इस्तेमाल करते हैं।
कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति शुरू
मंत्रालय के अनुसार, 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल स्तर पर सिलिंडर की सप्लाई फिर से चालू कर दी गई है। संशोधित आपूर्ति आदेश के तहत अब घरेलू उपभोक्ताओं को पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए। जिन लोगों के पास पहले से पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) का कनेक्शन है, उन्हें घरेलू एलपीजी सिलिंडर रखने, लेने या रिफिल कराने की मनाही है। सरकारी तेल कंपनियां ऐसे कनेक्शन वाले लोगों को सिलिंडर नहीं देंगी। कमर्शियल सिलिंडर का वितरण राज्य सरकारों की जिम्मेदारी पर हो रहा है।
पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है कि जहां संभव हो, एलपीजी की जगह पीएनजी का इस्तेमाल करें। देश में अभी 33 करोड़ एलपीजी ग्राहक हैं, जिनमें से करीब 60 लाख लोग तुरंत पीएनजी पर शिफ्ट हो सकते हैं। गेल इंडिया को उपभोक्ताओं का सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। सभी तेल कंपनियों को इंटरनेट और अन्य माध्यमों से एलपीजी-पीएनजी के बारे में जागरूकता फैलाने को कहा गया है।
इसे भी पढ़ें: LPG सिलेंडर की कमी नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें, केंद्र सरकार ने पीएनजी कनेक्शन को लेकर भी जारी किया आदेश
कालाबाजारी पर सख्ती
सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश जैसे कई राज्यों में 1400 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी हुई है। 1300 जगहों पर औचक जांच की गई और मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। सभी राज्यों को जिला स्तर पर सप्लाई की निगरानी के लिए कमेटी बनाने को कहा गया है।
बुकिंग और आपूर्ति के आंकड़े
सामान्य दिनों में रोजाना 50-55 लाख घरेलू सिलिंडर बुक होते हैं, लेकिन शुक्रवार को यह संख्या 75 लाख और शनिवार को 88 लाख तक पहुंच गई। पहले रोज 50 लाख सिलिंडर की सप्लाई होती थी, अब इसे बढ़ाकर शनिवार को 62 लाख सिलिंडर दिए गए। घरेलू उपभोक्ताओं को पैनिक बुकिंग न करने की सलाह है। शहरी इलाकों में 25 दिन और ग्रामीण में 45 दिन के अंतर पर बुकिंग हो सकेगी। डीलर के पास जाकर भीड़ लगाने या ऑफलाइन बुकिंग से बचें, ऑनलाइन बुकिंग करें।
उत्पादन बढ़ाया गया
देश में एलपीजी का उत्पादन अब सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गया है, करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। एनसीआर में अगले एक महीने के लिए बायोमास के इस्तेमाल को मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि अगले 7-10 दिनों में स्थिति काफी हद तक सामान्य हो जाएगी।
जहाजों की स्थिति
होर्मुज जलमार्ग से दो भारतीय जहाज सुरक्षित निकल आए हैं, जो 92,700 टन एलपीजी लेकर मुंद्रा और कांडला बंदरगाह की ओर बढ़ रहे हैं। ये 16-17 मार्च तक पहुंच सकते हैं। फारस की खाड़ी में अभी 22 भारतीय जहाज कतार में हैं, जिनमें 611 नाविक सवार हैं।















