ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। ब्रिटिश टैबलॉयड द सन का दावा है कि वो अमेरिकी एयर स्ट्राइक जिसमें पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत उनके परिवार को कई सदस्यों की मौत हो गई थी, उसमें नए सुप्रीम लीडर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें उनका एक पैर कट गया है और फिलहाल वो कोमा में हैं।
टैबलॉयड का तो यहां तक दावा है कि मोजतबा खामेनेई का लीवर और किडनी भी सही से काम नहीं कर रहा है। उल्लेखनीय है कि मोजतबा 56 साल के हैं। दावा है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल की संयुक्त एयरस्ट्राइक में अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में उनके परिवार के छह सदस्य भी मारे गए। उसी दौरान मोजतबा भी बुरी तरह घायल हुए थे।
रिपोर्ट में क्या कहा गया
द सन ने तेहरान से एक सूत्र के हवाले से बताया कि मोजतबा के एक या दो पैर काटने पड़े, पेट या लिवर में गंभीर क्षति हुई और वे कोमा में चले गए। फिलहाल वे तेहरान के सीना यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में इलाजरत हैं, जहां भारी सुरक्षा है। उनका इलाज ईरान के हेल्थ मिनिस्टर और अनुभवी सर्जन मोहम्मद रजा जफरघंडी की देखरेख में चल रहा है। अस्पताल का वो हिस्सा पूरी तरह सील कर दिया गया है।
एक ईरानी एनालिस्ट का कहना है कि देश की मिलिट्री और सिस्टम ऐसे बने हैं कि बिना एक्टिव लीडर के भी चल सकता है। उन्होंने कहा, “उनके पिता ने एक ऐसा सिस्टम छोड़ा है जो बिना किसी के भी चलता रहता है। इसलिए ईरान के मिसाइल और ड्रोन अभी भी उड़ रहे हैं और युद्ध जारी रहेगा।”
इसे भी पढ़ें: ऑपरेशन एपिक फ्यूरी: इराक में अमेरिकी KC-135 रिफ्यूलिंग विमान क्रैश, इस महीने चौथा अमेरिकी विमान डाउन
ईरान की तरफ से क्या हुआ
इन दावों के बीच ईरानी स्टेट टीवी ने मोजतबा खामेनेई का एक बयान पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने बदला लेने की बात कही और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ब्लॉक करने की धमकी दी। लेकिन यह बयान खुद उन्होंने नहीं दिया, बल्कि न्यूज एंकर ने पढ़ा। अभी तक मोजतबा की कोई नई फोटो या वीडियो सामने नहीं आया है, जिससे अफवाहें और बढ़ गई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि उनकी एक फोटो AI से बनाई गई लगती है।
ईरानी अधिकारियों ने इन गंभीर दावों को खारिज किया है और कहा है कि लीडर सुरक्षित हैं। अन्य मीडिया जैसे न्यूयॉर्क टाइम्स, गार्डियन और सीएनएन ने भी बताया कि 28 फरवरी के हमले में मोजतबा के पैरों में चोट आई थी, लेकिन वे हल्की-फुल्की थीं जैसे फ्रैक्चर या मामूली घाव। कोमा या पैर कटने की बात सिर्फ द सन जैसी रिपोर्ट्स में है, जो अभी तक इंडिपेंडेंट तरीके से वेरिफाई नहीं हुई।
रिपोर्ट पर सवाल क्यों उठ रहे
इस रिपोर्ट पर सवाल इसलिए भी खड़े हो रहे हैं क्योंकि अमेरिका और इजरायल पहले ही कह चुके हैं कि वो मोजतबा खामेनेई को तलाश रहे हैं और जैसे ही उन्हें मिल जाएंगे, तो उन्हें खत्म कर दिया जाएगा। जबकि, द सन तो बकायदा हॉस्पिटल का नाम तक जारी कर रहा है।
















