इजरायल के साथ जारी युद्ध में ईरान लगातार उन सभी खाड़ी के देशों को दहला रहा है, जहां भी अमेरिका ने अपने सैन्य बेस बना रखे हैं। ताजा मामले में आज (7 मार्च 2026) दुबई एयरपोर्ट के ऊपर एक धमाका सुना गया है। इस धमाके के बाद हवा में धुआं का गुबार दिखाई दिया।
क्या है घटनाक्रम?
समाचार AFP ने एक गवाह के हवाले से रिपोर्ट में कहा कि दुबई एयरपोर्ट के ऊपर धमाका सुनाई दिया और उसके बाद धुआं का बादल छा गया। फ्लाइट रडार वेबसाइट जो कि उड़ानों पर नजर रखती है उस पर देखा गया कि एयरपोर्ट के ऊपर कई प्लेन घूम रहे थे, मतलब वे लैंडिंग के लिए होल्डिंग पैटर्न में थे। हालांकि, दुबई मीडिया ऑफिस ने X (ट्विटर) पर पोस्ट करके कहा कि ये “एक छोटी घटना थी, जो इंटरसेप्शन के बाद गिरे मलबे की वजह से हुई”। साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट को लेकर फैल रही अफवाहों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने किसी बड़े हादसे या नुकसान की बात नहीं मानी। अभी तक किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पहले की घटनाएं
ये कोई पहली बार नहीं है। हाल के दिनों में दुबई एयरपोर्ट पर पहले भी असर पड़ा है। 28 फरवरी 2026 को ईरान के हमलों के बाद एयरपोर्ट के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था, चार स्टाफ सदस्य घायल हुए थे। दुबई एयरपोर्ट्स ने कहा था कि घटना को जल्दी काबू में कर लिया गया। इसके बाद 2 मार्च से एयरपोर्ट पर सीमित उड़ानें फिर शुरू हुई थीं, लेकिन रोजाना ड्रोन हमलों की वजह से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान ने अबू धाबी एयरपोर्ट, पाम जुमेराह, बुर्ज अल अरब होटल जैसी जगहों को भी निशाना बनाया है। 3 मार्च को ड्रोन मलबे से दुबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास आग लग गई थी।
दबाव बनाने की कोशिश कर रहा ईरान
खाड़ी देशों दुबई, बहरीन, कतर समेत कई देशों पर लगातार हमले कर रहा है। उसने होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक कर दिया है, जिससे दुनियाभर में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। हालात ये हो गए हैं कि अब अमेरिका ने हालात को देखते हुए भारत को रूसी तेल खरीदने की इजाजत दे दी है।

















