अमेरिका और इजरायल के द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद से खाड़ी के देशों में तबाही मची हुई है। इसी क्रम में एक सवाल हर बार खड़ा होता है कि भारत का समर्थन किसे है, तो इसका जबाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों से मिलता है। उन्होंने तनाव को कम करने की बात की और कहा कि वह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से की बात
इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर लंबी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूएई पर हुए इन हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इन हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति भारत बहुत दुखी है और गहरी संवेदना व्यक्त करता है। साथ ही भारत इन मुश्किल हालात में यूएई के साथ पूरी तरह एकजुट है और खड़ा है। उन्होंने यह भी जताया कि भारत तनाव कम करने (डी-एस्केलेशन), क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता का पूरा समर्थन करता है।
पीएम मोदी ने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए उठाए गए कदमों के लिए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने उन्हें “मेरा भाई” कहकर संबोधित किया, जो दोनों नेताओं के बीच पुराने गहरे रिश्ते को दिखाता है।
पीएम मोदी का एक्स पोस्ट क्या था?
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारत इन कठिन समय में संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है। मैंने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।”
खाड़ी देशों पर हमले क्यों?
दरअसल, ये हमले अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर शनिवार को किए गए हमलों के जवाब में हुए। ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजरायली और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। रविवार तड़के तेहरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की घोषणा की, जिसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई और तेज हो गई। यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ईरान की तरफ से अब तक 165 बैलिस्टिक मिसाइलें, 2 क्रूज मिसाइलें और 541 ड्रोन हमले किए गए। इनमें से 506 ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया गया, लेकिन 35 ड्रोन यूएई के अंदर गिरे, जिससे कुछ भौतिक नुकसान हुआ।
UAE का ईरान को सख्त संदेश
इस बीच UAE ने ईरान के हमलों के बीच उन्हें कड़ा संदेश दिया है। यूएई ने कहा कि होश में आइए और अपने पड़ोसियों से थोड़ा समझदारी से पेश आइए, इससे पहले कि टकराव औऱ अलगाव बढ़े। यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ कूटनीतिक सलाहकार अनवर गरगाश ने एक्स के जरिए कहा कि आपकी जंग आपके पड़ोसियों से नहीं, बल्कि इस प्रकार की आक्रामकता से आप उसी नरैटिव को मजबूत कर रहे हैं, जो कि ईरान को क्षेत्र की स्थिरता का मुख्य स्त्रोत और उसकी मिसाइल नीति को स्थायी खतरा मानता है। इसलिए आप होश में आ जाइए।

















