दुबई/दोहा/तेहरान/वाशिंगटन/तेल अवीव (हि.स.) । इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमले में अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के मारे जाने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने आज सुबह संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई पर हवाई हमला किया।
दुबई के जेबेल अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला
इस हमले में जेबेल अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के अंदर धुआं नजर आ रहा है। स्टाफ बिल्डिंग खाली कर रहा है। कतर के दोहा में भी धमाके हुए हैं।
दुबई में शक्तिशाली विस्फोट
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई में सुबह लगातार शक्तिशाली विस्फोट हुए। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एयरपोर्ट और आसपास धुआं नजर आ रहा है। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट के बाद दुबई के बिजनेस बे के ऊपर एक हवाई इंटरसेप्शन से निकले मलबे से शहर के बड़े कमर्शियल पोर्ट में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दोहा में भी सुने गए जोरदार धमाके
उधर, दोहा में रविवार सुबह स्थानीय समयानुसार 7:30 बजे कई जोरदार धमाके सुने गए। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के लोग खामेनेई की मौत की आधिकारिक घोषणा के बाद सड़क पर जश्न मना रहे हैं।
ईरान की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासन बदलने के आह्वान के बाद ईरान ने अभूतपूर्व हमले की चेतावनी दी है।
इजराइल में हमलों में एक की मौत, 121 घायल
इजराइल की नेशनल इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि शनिवार को देशभर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 121 अन्य घायल हो गए। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल अवीव में ईरान के मिसाइल हमले में कई लोगों की मौत हो गई।

















