होली रंगों, खुशियों और स्वादिष्ट पकवानों का त्योहार है। इस दिन घर में तरह-तरह की मिठाइयाँ बनाई जाती हैं, जिनमें मालपुआ का खास स्थान होता है। उत्तर भारत में होली के अवसर पर मालपुआ बनाना एक पुरानी परंपरा है। यह खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, उतना ही बनाने में आसान भी है। अगर आप भी इस होली घर पर बाजार जैसा स्वादिष्ट मालपुआ बनाना चाहते हैं, तो यह आसान विधि आपके बहुत काम आएगी।
मालपुआ बनाने के लिए आवश्यक सामग्री- मैदा- 1 कप, सूजी- 2 बड़े चम्मच, दूध- 1 कप, चीनी- 1 कप, पानी- आधा कप, इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच, केसर- कुछ धागे (वैकल्पिक), घी या तेल- तलने के लिए, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स- सजाने के लिए।
यह भी पढ़ें- Holi 2026: होली पर घर पर बनाएं ये 6 स्वादिष्ट डिशेज
मालपुआ बनाने की विधि- सबसे पहले एक बर्तन में मैदा और सूजी डालें। इसमें धीरे-धीरे दूध मिलाते हुए चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें। घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा। इसके बाद इसमें इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छे से मिला लें। अब इस घोल को 15–20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। अब एक कढ़ाही में चीनी और पानी डालकर चाशनी बनाएं। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और हल्की एक तार की चाशनी तैयार हो जाए, तब गैस बंद कर दें। इसके बाद एक कढ़ाही में घी या तेल गरम करें। अब एक कलछी की मदद से घोल लेकर गरम घी में गोल आकार में डालें। मध्यम आंच पर मालपुआ को सुनहरा होने तक तलें। जब दोनों तरफ से अच्छे से पक जाएं, तो उन्हें निकालकर सीधे गरम चाशनी में डाल दें। 2–3 मिनट तक चाशनी में रहने दें, जिससे मालपुआ अच्छी तरह रसदार हो जाए। मालपुआ को गरमागरम या हल्का ठंडा करके परोसें। ऊपर से कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता डालकर सजाएं। आप चाहें तो इसे ठंडी रबड़ी या दही के साथ भी परोस सकते हैं।

















