भारतीय ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के प्रमुख सैम पित्रोदा के देश के खिलाफ विवादित बयान देने पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पित्रोदा पर एक बार फिर से भारत की बुराई करने का आरोप लगाया। दरअसल, पित्रोदा ने भारतीय युवाओं की मेहनत को विदेशियों की गुलामी करार दिया और कहा कि भारत ने अपरिपक्व प्रतिभाओं को दूसरों की सेवा करने के लिए तैयार किया है। उन्होंने देश के तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह शर्म की बात है कि 1.5 अरब की आबादी वाले देश के पास अपना ऑपरेटिंग सिस्टम भी नहीं है।
सैम पित्रोदा ने क्या बोला?
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में कांग्रेस नेता ने विदेशी कंपनियों में भारतीयों की बढ़ती संख्या का जिक्र किया और कहा, “भारत ने रॉ युवा टैलेंट का एक बड़ा बेस बनाया है, लेकिन घरेलू इनोवेशन के लिए इसका फायदा उठाने में नाकाम रही।” सैम पित्रोदा के शब्दों में, “हमने बहुत सारा युवा टैलेंट पैदा किया, लेकिन वह रॉ है। इस टैलेंट से आखिरकार दुनिया भर की मल्टीनेशनल कंपनियों को उनकी प्रोग्रामिंग, बैंकिंग, लीगल सिस्टम, इंडस्ट्री, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स में मदद मिली। भारत ने अपने खुद के ग्लोबल लेवल के टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट नहीं बनाए हैं। इस टैलेंट का इस्तेमाल दूसरों की सेवा के लिए किया गया है।”
पित्रोदा ने आगे कहा कि न तो हमने अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाया है, न ही माइक्रोसॉफ्ट जैसी कोई बड़ी कंपनी शुरू की है। यहां तक कि हम मोबाइल फोन के लिए अपना ऑपरेटिंग सिस्टम भी नहीं बना पाए। हमने सच में अपनी युवा प्रतिभा का इस्तेमाल दूसरों की सेवा के लिए किया है।
भाजपा का पलटवार: कांग्रेस भारत से नफरत करती है
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सैम के बयान पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कांग्रेस के टॉपलेस प्रदर्शन के बाद अब लश्कर-ए-कांग्रेस के मुख्य सलाहकार पित्रोदा मैदान में आए हैं। अंकल सैम झूठ बोलकर एक बार फिर भारत का मजाक उड़ा रहे हैं और कह रहे कि यह शर्म की बात है कि भारत ने मोबाइल फोन के लिए अपना ऑपरेटिंग सिस्टम तक विकसित नहीं किया।
उन्होंने पित्रोदा के विवादास्पद बयानों का खंडन करते हुए भारत में विकसित ऑपरेटिंग सिस्टम जैसे बॉस लीनक्स (BOSS Linux), माया ओएस (Maya OS), प्राइमओएस (PrimeOS), भारओएस (BharOS), इंडस ओएस (Indus OS) और नेक्स्टक्वांटमओएस (NxtQuantum OS) का उदाहरण दिया।
पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस का एकमात्र मिशन झूठ बोलकर भारत को नीचा दिखाना है। चाहे वह हमारा UPI हो या आत्मनिर्भर वैक्सीन या ऑपरेशन सिंदूर या यह कहना कि इकॉनमी खत्म हो गई है, जबकि हम 8 फीसदी ग्रोथ देते हैं। कांग्रेस भारत से नफरत करती है।
सैम पित्रोदा का विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने देश के खिलाफ विवादित बयान दिया है। वह पहले भी कई बार अपने विवादास्पद बयानों के कारण सुर्खियां बटोर चुके हैं। 19 सितंबर 2025 को भी एक इंटरव्यू में पित्रोदा ने नेपाल, बांग्लादेश से लेकर पाकिस्तान की तारीफ की थी और कहा था कि वहां जाकर उन्हें घर जैसा महसूस होता है।
उन्होंने कहा था, “मैं बांग्लादेश गया, नेपाल गया, मुझे वहां भी घर जैसा महसूस होता है। मुझे ऐसा नहीं लगा कि मैं विदेशी धरती पर हूं। वे मेरे जैसे दिखते हैं, मेरे जैसे ही बात करते हैं, उन्हें हमारे गाने पसंद हैं, हम सबका खाना एक जैसा है। हमें उनके साथ शांति और सौहार्द के साथ जीना सीखना चाहिए।”

हालांकि, इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद सैम पित्रोदा ने सफाई देते हुए कहा था कि यदि मेरे शब्दों से किसी को भ्रम हुआ हो तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं, “मैंने जब यह कहा कि पड़ोसी देशों की यात्रा के दौरान मुझे अक्सर घर जैसा महसूस होता है, या फिर यह कि सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से हमारी जड़ें साझा हैं, तो मेरा आशय साझा इतिहास और लोगों के बीच रिश्तों पर जोर देना था। किसी की पीड़ा, संघर्ष, आतंकवाद और भू-राजनीतिक तनावों से पैदा हुई गंभीर चुनौतियों को नजरअंदाज करना नहीं था।”
















