उत्तर प्रदेश : एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने के लिए कोई और जगह चुन लेते। मेहमानों के सामने ऐसा प्रदर्शन नहीं करना चाहिए था। इसी के साथ ही मायावती ने भी कांग्रेस के इस रवैए की कड़ी निंदा की है।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को एक्स अकाउंट पर लिखा कि “नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है। अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।”
बता दें कि भारत मंडपम में एआई समिट के बीच यूथ कांग्रेस ने अमेरिका से ट्रेड डील का विरोध किया था। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान भारत मंडपम में देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे। इस विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा था। हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल इवेंट में बाधा पहुंचाने वालों को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया था। भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में चार प्रदर्शकारियों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

















