नई दिल्ली: इंटरनेट मीडिया पर एआई-जनित डीपफेक और भ्रामक सामग्री के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए केंद्र सरकार ने आईटी संशोधन नियम 2026 लागू कर दिया है। यह नियम 20 फरवरी से लागू हो गया है। इसके तहत अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को तीन घंटे के अंदर गलत कंटेंट को हटाना होगा। इसलिए अगर आपकी कोई पुरानी निजी तस्वीर या वीडियो आपकी इजाजत के बिना इंटरनेट पर वायरल हो गई है तो घबराएं नहीं। आप उसे इंटरनेट से हटवा सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ कदम उठाने होंगे। यहां हम आपको बता रहे हैं कि आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?
WHOIS टूर का करें इस्तेमाल
अगर आपकी अनुमति के बिना लीक हुई तस्वीरें और वीडियो किसी वेबसाइट पर हैं जिसका नियंत्रण आपके पास नहीं है तो आप सबसे पहले उस वेबसाइट से संपर्क करें। WHOIS टूर के जरिए आप उस वेबसाइट के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके बाद उससे उन तस्वीरों और वीडियोज को हटाने के लिए कह सकते हैं।
इंस्टाग्राम में ऐसे करें रिपोर्ट
अगर आपकी तस्वीरें या वीडियो इंस्टाग्राम पर आपकी अनुमति के बिना वायरल हो रहा है तो उसे हटवाने के लिए आप help.instagram.com का उपयोग करें। ऐसे ही फेसबुक और X से भी आप हेल्प सेंटर के जरिए उन तस्वीरों और वीडियोज को लेकर रिपोर्ट कर सकते हैं। इन सारे प्लेटफॉर्म पर फोटो या वीडियो के संबंध में अपनी प्राइवेसी के संभावित उल्लंघनों की रिपोर्ट की स्पष्ट नीति है। क्योंकि आईटी नियमों के तहत सभी प्लेटफॉर्म को एक शिकायत अधिकारी नियुक्त करना आवश्यक है।
Google रिमूवल टूल की लें मदद
आप Google से सामग्री को डी-इंडेक्स करने का अनुरोध भी कर सकते हैं। ताकि ऐसी कोई सामग्री या कंटेंट सर्च परिणाम में न दिखें। Google रिमूवल टूल के जरिए आप भी ऐसी सामग्री हटा सकते हैं। इसके जरिए आप सीधे अपनी आपत्तिजनक तस्वीरें की रिपोर्ट कर सकते हैं। इस टूल की मदद से यूजर्स ना सिर्फ अश्लील फोटोज को हटा सकते हैं बल्कि वे एक साथ कई फोटोज के लिए रिपोर्ट कर सकते हैं। नये टूल में अब आपको हर इमेज के लिए अलग-अलग रिपोर्ट करने की जरूरत नहीं है।
टेक इट डाउन के जरिए ऐसे हटवाएं अश्लील सामग्री
आप Take It Down – https://takeitdown.ncmec.org के जरिए भी अश्लील सामग्री रिमूव करा सकते हैं। मेटा का यह टूल मुफ्त में है। यह आपके निजी तस्वीरों और वीडियोज को शेयरिंग से रोकने में मदद करता है। खासकर ये फीचर यौन रूप से स्पष्ट सामग्री की ऑनलाइन शेयरिंग रोकने में मदद करता है।











