देश के सर्राफा बाजार में आज गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। बीते कुछ दिनों से कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था, लेकिन आज फिर से कीमती धातुओं के दामों में मजबूती आई है। इस तेजी के चलते आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ निवेशकों की भी नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं। अलग-अलग शहरों में सोने के भावों में हल्का अंतर देखने को मिला, जबकि चांदी की कीमतों में एक ही दिन में 15 हजार रुपये प्रति किलो का बड़ा उछाल आया है।
सोने के दामों में तेजी- मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल, पुणे, विजयवाड़ा, नागपुर, भुवनेश्वर, कटक, विशाखापत्तनम, मैंगलोर और अमरावती जैसे प्रमुख शहरों में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 15,649 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई। वहीं, 22 कैरेट सोना 14,345 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना 11,737 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया। इन शहरों में बीते सत्र की तुलना में कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे आभूषण खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब थोड़ा ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत वडोदरा, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़, सूरत और अयोध्या जैसे शहरों में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 15,664 रुपये प्रति ग्राम रही। यहां 22 कैरेट सोना 14,360 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना 11,752 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर कारोबार करता नजर आया। इन शहरों में भी सोने के दामों में हल्की तेजी दर्ज की गई, जिससे बाजार में खरीदारी को लेकर हलचल बनी हुई है। दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों जैसे चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, सेलम और त्रिची में आज सोने की कीमतें अन्य शहरों की तुलना में कुछ अधिक दर्ज की गईं। यहां 24 कैरेट सोना 15,818 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट सोना 14,500 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना 12,400 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया। दक्षिण भारत में शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में सोने की मांग अधिक रहती है, जिससे यहां कीमतें अपेक्षाकृत ऊंची बनी रहती हैं।
एक दिन में चांदी 15 हजार रुपये महंगी- अगर चांदी की बात करें तो आज इसके दामों में जोरदार उछाल देखने को मिला है। देश में आज 1 किलो चांदी की कीमत 2,70,000 रुपये दर्ज की गई, जबकि कल यही कीमत 2,55,000 रुपये थी। यानी सिर्फ एक दिन में चांदी 15,000 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद आज 1 ग्राम चांदी की कीमत 270 रुपये हो गई है। चांदी की कीमतों में इस तेज उछाल ने बाजार में काफी हलचल पैदा कर दी है।












