सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए मंगलवार को बाजार से मिली खबर थोड़ी राहत देने वाली रही। कारोबार की शुरुआत में दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़े, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। कुछ ही समय बाद सोने और चांदी के भाव अचानक नीचे आने लगे। खास बात यह रही कि चांदी की कीमत में जोरदार गिरावट देखने को मिली और इसका वायदा भाव एक झटके में 2,200 रुपये से ज्यादा टूट गया। सोने के दाम में भी 700 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
सोना-चांदी ताजा भाव
MCX पर सोमवार को 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी 2,39,317 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। मंगलवार को बाजार खुलते ही इसमें तेजी आई और भाव करीब 2.40 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद अचानक बिकवाली बढ़ी और चांदी का भाव गिरकर 2,37,100 रुपये प्रति किलो पर आ गया। इस तरह सोमवार के बंद भाव की तुलना में चांदी 2,217 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो गई। चांदी की कीमत में आई इस गिरावट ने निवेशकों और कारोबारियों का ध्यान खींचा है। चांदी जनवरी के आखिरी सप्ताह में 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। मौजूदा भाव से तुलना करें तो चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 1,82,948 रुपये नीचे आ चुकी है। यानी रिकॉर्ड ऊंचाई से इसमें काफी बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
चांदी की तरह सोने के भाव में भी मंगलवार को गिरावट आई। MCX पर 5 अक्टूबर एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना सोमवार को 1,53,094 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को शुरुआत में भाव बढ़कर 1,53,497 रुपये पहुंचा, लेकिन बाद में गिरकर 1,52,373 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। यानी सोमवार के बंद भाव से सोना करीब 721 रुपये नीचे आ गया। IBJA के मुताबिक, घरेलू बाजार में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,337 रुपये था। वहीं एक किलो चांदी 2,34,992 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही थी। ध्यान रखें कि ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज, GST और अन्य शुल्क जुड़ने के कारण दुकानदार की अंतिम कीमत इससे अलग हो सकती है।















