नई दिल्ली: गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो से बाहर कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी को AI समिट एक्सपो फौरन खाली करने के लिए कहा गया है। यह पूरा विवाद एक चीनी रोबोट को अपना रोबोट बताने से पैदा हुआ है। एक दिन पहले ही गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने चीन में बने एक रोबोट को अपना रोबोट बताकर दिखाया था। जिसके बाद विवाद पैदा हो गया था।
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार को एआई समिट एक्सपो में यूनिवर्सिटी ने चीन के एक रोबोट को अपना बताया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। जिसमें यूनिवर्सिटी के रिप्रेजेंटेटिव एक रोबोटिक डॉग को अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बनाए प्रोडक्ट के तौर पर पेश करते दिख रहे थे। यह चीनी रोबोट Unitree Go2 था। जिसे चीनी रोबोटिक्स फर्म Unitree Robotics ने बनाया है। यह रोबोट कमर्शियली उपलब्ध है। लेकिन गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने समिट में इसे अपना रोबोट “ओरियन” नाम से पेश किया था।
AI इम्पैक्ट समिट में चीन में बने रोबोडॉग के डिस्प्ले पर हुए विवाद के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. ऐश्वर्या श्रीवास्तव का कहना है कि हमने कभी दावा नहीं किया कि हमने इस रोबोडॉग को बनाया है। यह हमारे AI इन्वेस्टमेंट का एक हिस्सा था। इसे बहुत गलत तरीके से समझा गया। यूनिवर्सिटी ने भी इस विवाद पर अपना पक्ष रखा है। यूनिवर्सिटी का कहना है कि यह रोबोट रोबोटिक प्रोग्रामिंग स्टूडेंट्स को AI एप्लिकेशन बनाना सिखाने की उस कोशिश का हिस्सा है जिससे वे दुनिया भर में मौजूद टूल्स और रिसोर्स का इस्तेमाल करके रियल-वर्ल्ड स्किल्स डेवलप और इस्तेमाल कर सकें।
यूनिवर्सिटी पर लगा ये आरोप
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के चीनी रोबोट ओरियन को अपना बताने के कदम से सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है। यूनिवर्सिटी पर विदेशी टेक इंपोर्ट करने और इसे देसी इनोवेशन बताकर गलत तरीके से पेश करने का आरोप लग रहा है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स यूनिवर्सिटी को खूब लताड़ लगा रहे हैं।















