उत्तराखंड के हल्द्वानी, नैनीताल और रामनगर समेत कई शहरों के कोर्ट परिसरों में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उन्हें बम धमाके की धमकी वाले ईमेल मैसेज मिले। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट जज को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एहतियातन कदम उठाते हुए नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और हल्द्वानी जजी कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। कोर्ट कैंपस में चल रही सभी गतिविधियों को रोक दिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टी सी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के बाद अदालत परिसरों को खाली करवा कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है ,एतिहात के तौर पर कोर्ट परिसरों में फोर्स तैनात की गई है।

















