खालिस्तानी चरमपंथी लगातार देश का माहौल बिगाड़ने में लगे हैं। इसी क्रम में देश की राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को एक बार फिर से सोमवार की सुबह बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया। इस ईमेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की धमकी दी गई है।
कब और कैसे मिले धमकी वाले ईमेल
ईमेल सुबह करीब 7:22 बजे भेजे गए थे। ज्यादातर स्कूलों को ये धमकियां सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच मिलीं। दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस को सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। पहले कॉल दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 8:33 के आसपास आए।
धमकी में क्या लिखा था
ईमेल में साफ कहा गया था कि “दिल्ली खालिस्तान बन जाएगा”। धमकी देने वाले ने दावा किया कि सोमवार को दोपहर करीब 1:11 बजे स्कूलों में धमाका होगा। साथ ही 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद को निशाना बनाने की बात कही गई। एक जगह पर चंडीगढ़ के तीन-चार स्कूलों में ब्लास्ट होने का भी जिक्र था। ये धमकियां खालिस्तान से जुड़े मुद्दों को लेकर लग रही थीं।
इसे भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में ईसाई मतांतरण गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने 2 लोगों को किया गिरफ्तार
कितने और कौन से स्कूल प्रभावित हुए
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में 9 से 10 स्कूलों को ये धमकियां मिलीं। कुछ स्कूलों के नाम इस तरह सामने आए हैं दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासपुरी स्थित कैम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर, कैम्ब्रिज स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (NFC), रोहिणी का बाल भारती, सदिक नगर स्थित द इंडियन स्कूल शामिल हैं। कुछ रिपोर्ट्स में 10 से ज्यादा स्कूलों का जिक्र है, लेकिन सटीक संख्या और सभी नाम हर जगह अलग-अलग बताए गए। दक्षिण दिल्ली के तीन स्कूल भी इनमें शामिल थे।
क्या किया गया सुरक्षा के लिए
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्कूलों में मौजूद बच्चों और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला गया। परिसर को खाली करवाया गया। K9 डॉग स्क्वॉड (स्निफर डॉग्स) और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को मौके पर भेजा गया। दिल्ली फायर सर्विस की टीमें भी पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन चलाया। हर स्कूल में एंटी-सबोटेज चेकिंग की गई, पूरी बिल्डिंग और आसपास के इलाके की तलाशी ली गई।
अब तक की स्थिति
सर्च करने के बाद पुलिस ने कहा कि किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध चीज या विस्फोटक नहीं मिला। अब तक कोई ब्लास्ट नहीं हुआ। जांच जारी है कि ये ईमेल किसने भेजे और कहां से आए। पुलिस इनकी ट्रेसिंग कर रही है। यह पहली बार नहीं हुआ। पिछले महीने भी दिल्ली के कई स्कूलों को इसी तरह की बम धमकी वाले ईमेल मिले थे, जिससे पूरे शहर में हाई अलर्ट रहा था। इस बार भी सुरक्षा को लेकर कोई रिस्क नहीं लिया जा रहा। स्कूलों में बच्चों की सेफ्टी सबसे पहले सुनिश्चित की गई।
















