Delhi Bomb Threat: दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में गुरुवार को दिल्ली के द्वारका सेक्टर-5 और प्रसाद नगर समेत कुल 6 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। जैसे ही यह जानकारी स्कूल प्रबंधन को मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर खाली करा दिया गया। सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
धमकी मिलने के बाद संबंधित इलाकों में पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच की। अब तक की जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई है, लेकिन सतर्कता के लिहाज़ से स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस तरह की घटनाएं पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले, मंगलवार रात को दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित राजा राममोहन राय सर्वोदय कन्या विद्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी भी स्कूल के आधिकारिक ईमेल पर रात लगभग 9 बजे भेजी गई थी। जब बुधवार सुबह स्कूल प्रशासन विद्यालय पहुंचा, तब उन्हें इस धमकी की जानकारी मिली। तत्पश्चात स्कूल को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली, जिसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी परिसर की जांच की गई, लेकिन कुछ भी आपत्तिजनक नहीं पाया गया। गौरतलब है कि इसी सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली के 32 स्कूलों को एक साथ बम की धमकी दी गई थी। उस समय भी तमाम सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया था, लेकिन बाद में वह धमकी झूठी निकली। लगातार मिल रही इन धमकियों से स्कूल प्रशासन के साथ-साथ अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी धमकी में कोई वास्तविक खतरा सामने नहीं आया है। फिर भी सुरक्षा एजेंसियां हर मामले को गंभीरता से ले रही हैं और पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इन ईमेल धमकियों की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साइबर सेल को जांच में लगाया गया है, ताकि यह पता चल सके कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या है। सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।

















