Mobile Phones Banned in Himachal Pradesh schools: हिमाचल प्रदेश में 1 मार्च से सरकारी और निजी स्कूलों में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा हुई है। सूबे के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा के गिरते स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को अनुशासन से जोड़ने के लिए यह फैसला लिया है। 5 फरवरी को बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित 69वीं नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उन्होंने ये घोषणा की।
छात्रों के पास मोबाइल पाए जाने पर 500 रुपये का जुर्माना
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्कूल परिसर में छात्रों को मोबाइल लाने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी छात्र के पास मोबाइल पाया जाता है तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा। इसके साथ ही छात्र का मोबाइल भी जब्त कर लिया जाएगा। सीएम ने घोषणा की है कि ऐसी स्थिति में छात्र के माता-पिता को स्कूल बुलाकर उनकी काउंसलिंग होगी।
मोबाइल से भंग होती है छात्रों की एकाग्रता
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि बार-बार नियम तोड़ने वाले छात्रों के खिलाफ शिक्षा विभाग अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लंच टाइम के दौरान बच्चे पढ़ाई के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। इससे उनकी एकाग्रता भंग होती है। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान दे रही है। स्कूलों में खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

















