मिर्जापुर । जनपद मिर्जापुर के थाना कोतवाली देहात में कन्वर्जन से संबंधित दो पंजीकृत अभियोगों में अब तक 7 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में बुधवार को कोतवाली पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर कन्वर्जन के अभियोग से जुड़े आठवें अभियुक्त मौलवी खलीलुर्रहमान पुत्र अजीजुर्रहमान, निवासी भूदेव की गली, भटवा के पोखरी, थाना कटरा, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया।
संगठित रूप से कन्वर्जन कराने का आरोप
गिरफ्तार अभियुक्त मौलवी खलीलुर्रहमान उपरोक्त प्रकरण से संबंधित अन्य अभियुक्तों के निरंतर संपर्क में था तथा संगठित रूप से उनके साथ मिलकर हिंदू लड़कियों को वशीभूत करके कन्वर्जन कराने का कार्य करता था। उक्त गिरफ्तारी के संबंध में थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को भेज दिया गया।
पूछताछ में वाराणसी कन्वर्जन मामले का खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2023 में थाना लोहता, जनपद वाराणसी में एक हिंदू लड़की का कन्वर्जन कराकर मुस्लिम लड़के से निकाह कराया था, जिसके संबंध में थाना लोहता, जनपद वाराणसी में अभियोग पंजीकृत है।
मौलवी खलीलुर्रहमान पर दर्ज धाराएं
मौलवी खलीलुर्रहमान पर धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 64(1), 308(5), 352, 351(2), 61(2) बीएनएस, धारा 67(बी) आईटी एक्ट तथा धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि-विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत थाना कोतवाली देहात, जनपद मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज है।

















