बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में एक बेहद दुखद और भयानक घटना सामने आई है। यहां चोरी के शक में एक दिव्यांग युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी आरोपित अभी भी फरार हैं।
दिव्यांग युवक पर अमानवीय हमला- पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय आशिक मंडल के रूप में हुई है। आशिक बहरा और गूंगा था, यानी वह पूरी तरह से दिव्यांग था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले आशिक को चोरी के शक में पकड़ा गया था। उसी इलाके के रहने वाले बच्चू बरुआ और उनके परिवार के अन्य सदस्य आशिक पर बुरी तरह हमला कर चुके थे। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चू बरुआ और उसके परिवार वालों ने आशिक पर गर्म पानी डालने के साथ ही उसे जबरदस्ती एसिड पीने के लिए मजबूर किया। इस क्रूरता की वजह से आशिक की हालत गंभीर हो गई। घायल अवस्था में आशिक को स्थानीय लोग कमरहट्टी स्थित सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार ने कड़ी सजा की मांग की- इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोग गुस्से में हैं और उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा की। मृतक की भतीजी ने कहा कि अगर मेरे चाचा ने कोई गलती की थी तो वे हमें बता सकते थे, लेकिन किसी को मारने का हक किसी को नहीं है। आशिक के परिवार ने आरोप लगाया कि बच्चू बरुआ, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्य आशिक को पीट-पीटकर घायल करने के बाद उस पर जबरदस्ती एसिड पिलाकर उसकी हत्या कर दी। परिवार ने दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
स्थानीय तृणमूल नेता प्रबीर दास ने कहा कि यह एक भयानक और निंदनीय घटना है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी दिव्यांग व्यक्ति के साथ इस तरह की क्रूरता अस्वीकार्य है। उनका कहना था कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने बताया कि इस घटना की पूरी जांच चल रही है और आरोपितों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

















