आगरा की ताजनगरी से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक कॉलोनी के लोग दबंगों की दहशत से परेशान होकर पलायन करने तक को मजबूर हो गए हैं। थाना कमला नगर क्षेत्र के भगवान नगर इलाके में लगभग 40 से अधिक घरों पर “मकान बिकाऊ” के पोस्टर लगाए गए हैं। यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
उत्पीड़न से परेशान कॉलोनीवासी, घर छोड़ने को मजबूर- कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे लगातार एक दबंग मुस्लिमों और उसके परिवार की धमकियों, मारपीट और उत्पीड़न से त्रस्त हैं। आरोप है कि आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोग मानसिक तनाव में जी रहे हैं। कॉलोनी के कई परिवारों ने अब यह फैसला कर लिया है कि वे अपने घर बेचकर यहां से कहीं और चले जाएंगे। स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी में शहजाद नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता है। उसका बेटा सनी दबंग प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि सनी आए दिन कॉलोनी के निवासियों से झगड़ा करता है और मारपीट पर उतर आता है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण दबंगों के हौसले बढ़ते गए।
बीते 2 फरवरी को कॉलोनी में एक परिवार के यहां शादी समारोह था। इसी दौरान सनी कथित तौर पर वहां पहुंचा और घर में घुसकर मारपीट करने लगा। परिवार के लोगों ने जब विरोध किया तो स्थिति और बिगड़ गई। इस घटना की पुष्टि स्थानीय पार्षद हरिओम गोयल ने भी की है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक की दबंगई से कॉलोनी के लोग काफी समय से परेशान हैं। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के दौरान सनी ने एक महिला के गले से सोने की चेन तोड़ने का भी प्रयास किया। जब आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी चोटें आईं। इससे कॉलोनी में भय का माहौल और गहरा हो गया।
“मकान बिकाऊ” के लगे पोस्टर- कॉलोनी की निवासी प्रीति अग्रवाल ने बताया कि आरोपी युवक ने उनके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और विरोध करने पर जबरन घर में घुस आया। उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया। प्रीति का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं और लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी निराशा के चलते कॉलोनीवासियों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया और अपने घरों पर “मकान बिकाऊ” के पोस्टर लगा दिए। उनका कहना है कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, वे पोस्टर नहीं हटाएंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। हालांकि कॉलोनी के लोग अब आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें केवल कार्रवाई चाहिए, ताकि वे अपने घरों में सुरक्षित रह सकें। पार्षद हरिओम गोयल ने भी प्रशासन से मांग की है कि आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनके साथ भी पहले मारपीट की थी और लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई थी।

















