उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार को तरियारी गांव में ईसाई कन्वर्जन की सूचना मिलने पर पुलिस ने एक मकान पर छापा मारा। इस दौरान करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें पुरुष, महिलाएं और कुछ युवक भी शामिल हैं।
नरहन निवासी बाबा रामजनम नागर ने पुलिस को सूचना दिया था कि गांव में लंबे समय से कन्वर्जन की संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस की एक टीम ने गांव की पुष्पा देवी के आवास पर दबिश दी।
चार लोगों को किया गिरफ्तार
सीओ अजीत कुमार ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिनमें जौनपुर निवासी अजय कुमार, आजमगढ़ निवासी दिवाकर, जौनपुर निवासी अवधेश और राजबली नामजद है। बाकी लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। मुख्य अभियुक्त अजय ही है, सभी को जेल भेजा जा रहा है।
गरीब लोगों को देते थे लालच
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ईसाईयत का प्रचार करने वाली पुस्तकें और पर्चे भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी से पूछताछ की गई है। ये लोग बस्तियों के गरीब लोगों को भ्रमित करते हैं। बीमारी के इलाज और पैसों का लालच कर कन्वर्जन कराया जा रहा था।

















