उत्तर प्रदेश । उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले का चर्चित जिम जिहाद मामला अभी भी सुर्खियों में है। कुल सात लोगों की गिरफ्तारी इस प्रकरण में हुई है। जिम में युवतियों का धोखे से अश्लील वीडियो बनाने, वसूली और कथित कन्वर्जन के गंभीर आरोपों से जुड़े ‘जिम जिहाद’ मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड इमरान को 30 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली है।
यह रिमांड अवधि शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होकर शनिवार शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगी। निर्धारित समय के भीतर आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश करना अनिवार्य होगा। इमरान खान को कुछ दिनों पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस दौरान इमरान से कन्वर्जन से जुड़े नेटवर्क, कार्यप्रणाली तथा इससे संबंधित अन्य संदिग्ध पहलुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे प्रकरण के तार सिर्फ जिले तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है।
अब तक इस मामले में इमरान समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, नगर के विभिन्न इलाकों में संचालित 5 जिमों को सीज कर दिया गया है, जिनके माध्यम से युवतियों से संपर्क स्थापित कर गतिविधियां अंजाम देने का आरोप है।
बता दें कि मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई, जब कुछ राजनीतिक नेताओं के साथ आरोपी के फोटो सामने आए, जिसके बाद उसके संभावित संपर्कों और प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से आरोपी के तार विवादित मजहबी प्रचारक जाकिर नाईक से जोड़ने की बातें भी सामने आई हैं। साथ ही, विदेशी फंडिंग के जरिए कन्वर्जन कराए जाने की आशंकाओं ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
















