लखनऊ । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मृति चिह्न देकर गृह मंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को यूपी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी पढ़कर सुनाया। सीएम योगी ने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना यूपी की ताकत बनेगी।
वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन योजना से यूपी को मिलेगी नई पहचान
सीएम योगी ने कहा कि आज गृह एवं सहकारिता मंत्री के कर कमलों से वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ओडीओसी) योजना लागू की गई है। इससे 75 जनपदों की 75 प्रकार की भोजन सामग्री अब यूपी की नई ताकत बनेगी। अच्छा हाईजीन युक्त भोजन, खाद्य सामग्री, श्रीअन्न से बनी सामग्री लोगों को प्राप्त हो सके, स्थानीय उत्पादों को जियो टैग कर सकें और फिर उसे वैश्विक पहचान दिला सकें, उसकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग, डिजाइनिंग करने के साथ देश व वैश्विक मांग के अनुरूप उस प्रोडक्ट का एक्सपोर्ट कर सकें, यह अवसर यूपी में अब हर व्यंजन के लिए प्राप्त होगा।
प्रदेश ही नहीं, देश-दुनिया से जुड़ रहे हैं यूपीवासी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के साथ ही प्रदेश के सभी 75 जनपदों और हर राज्य में यह आयोजन हो रहा है। देश, प्रदेश व दुनिया में जहां कहीं भी उत्तर प्रदेशवासी हैं, वह इस आयोजन से जुड़ रहे हैं। 2018 में उत्तर प्रदेश ने जब पहली बार अपने स्थापना दिवस कार्यक्रम को आयोजित किया था, उस समय राज्यपाल राम नाईक जी थे और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह जी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
ओडीओपी से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को मिली नई मजबूती
इनकी प्रेरणा से हम लोगों ने परंपरागत उद्यमों को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) के रूप में आगे बढ़ाया था। आज यह योजना आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नई ताकत बनी है और आत्मनिर्भर भारत में अपना योगदान दे रही है।
विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को यूपी गौरव सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने लीक से हटकर देश के लिए कुछ विशिष्ट किया है। ऐसी पांच विभूतियों को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है। इन विभूतियों ने विकसित भारत की प्रधानमंत्री की संकल्पना में अपने नवाचार, शोध, परिश्रम से योगदान दिया है। सीएम ने सम्मानित होने वाली विभूतियों को बधाई दी।
सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी के युवाओं के लिए ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ हुआ। हर जनपद में 100 एकड़ क्षेत्रफल में इसका विकास होगा। जो भी युवा नौकरी व कारोबार प्रारंभ करने का इच्छुक है, उसकी योग्यता व क्षमता के अनुरूप उसके स्केल को स्किल डेवपलमेंट में बदला जाएगा। यूपी में उसके लिए रोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस विशिष्ट योजना का प्रारंभ भी गृह मंत्री के कर कमलों से हो रहा है।
ओडीओसी पर आधारित लघु फिल्म और प्रतिभाओं का सम्मान
बता दें कि इस मुख्य समारोह में ओडीओसी पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली पांच प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 11 लाख रुपये, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों के जिलाधिकारी भी सम्मानित किए गए।
सीएम युवा योजना के तहत सम्मानित जिलाधिकारी
केंद्रीय गृह मंत्री ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया।
सीएम युवा योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले
- डॉ. दिनेश चंद्र – डीएम जौनपुर
- रवींद्र कुमार – डीएम आजमगढ़
- अनुनय झा – डीएम हरदोई
- अनुपम शुक्ल – डीएम अंबेडकरनगर एवं
- मृदुल चौधरी – डीएम झांसी को सम्मानित किया।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर सजी ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ की सांस्कृतिक छटा
यूपी दिवस पर सबसे पहले वंदे मातरम् का गान हुआ। इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश’ ने उत्तर प्रदेश की महिमा का वर्णन किया। इसके पश्चात राष्ट्र प्रेरणा स्थल के मंच पर ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ उतर पड़ा, जब ब्रज, बुंदेली, अवधी, भोजपुरी बोलियों के ‘सांस्कृतिक संगम’ में अतिथियों व दर्शकों ने आनंद की डुबकी लगाई। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से हर किसी का दिल जीत लिया, दर्शकों ने भी तालियां बजाकर इन कलाकारों का उत्साहवर्धन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
महापुरुषों को पुष्पांजलि और प्रदर्शनी का उद्घाटन
गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीनों महापुरुषों (श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी) की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला व ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
लखनऊ आगमन पर अमित शाह का भव्य स्वागत
इसके पूर्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ एयरपोर्ट पर गृह मंत्री को पुष्पगुच्छ देकर प्रदेश की राजधानी में उनका स्वागत किया। वहीं यूपी दिवस के मंच पर सीएम ने गृह मंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान किया।

















