OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने ChatGPT विवाद को लेकर एलन मस्क की हालिया टिप्पणियों पर कड़ा जवाब दिया है। टेस्ला और xAI के प्रमुख एलन मस्क ने चेतावनी दी थी कि लोगों को अपने प्रियजनों को AI चैटबॉट ChatGPT का इस्तेमाल करने से रोकना चाहिए।
मस्क का आरोप था कि OpenAI के इस चैटबॉट का संबंध किशोरों और युवाओं की आत्महत्याओं समेत कई मौतों से जोड़ा जा सकता है।
ऑल्टमैन बोले – आलोचनाओं में है साफ विरोधाभास
एक्स पर किए गए एक पोस्ट में सैम ऑल्टमैन ने माना कि लगभग एक अरब यूजर्स द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले किसी भी डिजिटल उत्पाद के लिए AI सुरक्षा उपाय तैयार करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है, खासकर तब जब कुछ उपयोगकर्ता मानसिक रूप से नाजुक स्थिति में हों।
उन्होंने कहा कि अक्सर ChatGPT को लेकर दो तरह की विरोधाभासी शिकायतें सामने आती हैं। एक तरफ कहा जाता है कि यह बहुत ज्यादा प्रतिबंधात्मक है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे मामलों में इसे जरूरत से ज्यादा लचीला बताया जाता है।
ऑल्टमैन ने जोर देकर कहा कि OpenAI को मिलने वाली आलोचनाएं खुद में एक-दूसरे के उलट होती हैं।
सुरक्षा के मुद्दे पर टेस्ला और ऑटोपायलट का जिक्र
सैम ऑल्टमैन ने एलन मस्क की आलोचनाओं का जवाब देते हुए सुरक्षा के मुद्दे पर टेस्ला के रिकॉर्ड का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि टेस्ला के ऑटोपायलट सिस्टम से जुड़ी दुर्घटनाओं में 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
ऑल्टमैन के मुताबिक, ऐसे में मस्क की ओर से OpenAI पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठाना निराधार लगता है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब मस्क ने खुद ऑटोपायलट वाली कार में यात्रा की थी, तब उनकी पहली प्रतिक्रिया यही थी कि यह सिस्टम इतना सुरक्षित नहीं है कि इसे लॉन्च किया जाना चाहिए था।
ग्रोक और xAI पर भी साधा निशाना
OpenAI के CEO ने एलन मस्क के AI स्टार्टअप xAI और उसके चैटबॉट ग्रोक पर भी तंज कसा। ऑल्टमैन ने कहा कि उस उत्पाद से जुड़े कुछ फैसले ऐसे हैं जिन पर वह चर्चा करना भी पसंद नहीं करेंगे।
बता दें कि मस्क ने हाल ही में दावा किया था कि ChatGPT के साथ बातचीत से कथित तौर पर जुड़ी कम से कम 9 मौतें हुई हैं। इसी आधार पर उन्होंने लोगों को इस चैटबॉट का उपयोग न करने की चेतावनी दी थी।

















