लखनऊ । एसटीएफ ने 50 हजार रूपये के इनामी अपराधी रफीक को जनपद प्रयागराज के पुराने परेड ग्राउंड से गिरफ्तार किया। अभियुक्त ने करीब 6 वर्ष पहले एक लूट की घटना की थी। उसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। अभियुक्त के अन्य साथी गिरोह की तरह दिन में रेकी करने के बाद रात में घटना को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त रफीक ने पूछताछ पर बताया कि उसने सिराज, आमिर, फखरूद्दीन उर्फ नेता, इमरान उर्फ अनवर व जाविर के साथ मिलकर वर्ष 2020 में एक व्यक्ति के घर मारपीट व लूटपाट की घटना की थी। ये लोग सजातीय समूह बनाकर ग्रामीण क्षेत्र में घुमन्तु बाबरिया जनजाति की तरह स्थान बदल-बदल कर दिन में अपराध करने का स्थान चयन करते थे। स्थान चयनित हो जाने के बाद लूट, चोरी, डकैती एवं गृहभेदन की घटना करते थे।
इसने प्रयागराज, कौशाम्बी अलीगढ़ एटा में कई स्थानों पर अपने भाई एवं रिश्तेदारों को साथ मिलकर घटनायें कारित की हैं, जिसके सम्बन्ध में कौशाम्बी, प्रयागराज अलीगढ़, एटा में अलग-अलग थानों में मुकदमें पंजीकृत है। वर्तमान समय में अभियुक्त कस्वा पिलखना जनपद अलीगढ़ में अपनी ससुराल में रह रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त अपनी ससुराल में छिपा हुआ था।

















