उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने कथित तौर पर लगातार ब्लैकमेल और मानसिक तनाव से परेशान होकर अपनी जान दे दी। आरोप है कि एक युवक ने पहले अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की और बाद में उसकी निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिए उसे धमकाने लगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दुख और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
फर्जी नाम से दोस्ती, फिर धमकी
जानकारी के अनुसार, किशोरी की मुलाकात हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान एक युवक से हुई थी। परीक्षा केंद्र गांव से काफी दूर होने के कारण उसे आने-जाने में परेशानी होती थी। इसी दौरान उसकी सहेली ने युवक से परिचय कराया। युवक ने अपना नाम राहुल बताया और दोनों छात्राओं को बाइक से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने लगा। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि युवक ने भरोसा जीतकर किशोरी की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो अपने पास रख लिए। बाद में किशोरी को पता चला कि युवक का असली नाम राहुल नहीं, बल्कि फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है। सच्चाई सामने आने के बाद किशोरी ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि फैजान लगातार उस पर मिलने और बात करने का दबाव डालने लगा। जब उसने मना किया तो उसने निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इन धमकियों से किशोरी काफी डर गई और मानसिक तनाव में रहने लगी।
करीब एक सप्ताह पहले उसने अपने परिवार को पूरी बात बता दी थी। पिता ने उसे भरोसा दिलाया कि वह डरे नहीं और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद वह तनाव से बाहर नहीं निकल सकी। बताया जा रहा है कि 2 अगस्त की सुबह उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर फैजान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

















