नई दिल्ली, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात को श्री सोमनाथ ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने सोमनाथ की तीर्थयात्रा को और अधिक स्मरणीय बनाने के तरीकों पर चर्चा की।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सोमनाथ में होना अपने आप में सौभाग्य की अनुभूति है—यह हमारी सभ्यतागत वीरता का गौरवपूर्ण प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा सोमनाथ स्वाभिमानपर्व के दौरान हो रही है, जब पूरा देश 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले आक्रमण के एक हज़ार वर्ष पूरे होने का स्मरण कर रहा है। उन्होंने लोगों का स्नेहिल स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि आज शाम सोमनाथ में श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की। मंदिर परिसर में बुनियादी ढांचे के उन्नयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और सोमनाथ की तीर्थयात्रा को और अधिक स्मरणीय बनाने के तरीकों पर चर्चा की।
सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्षों का इतिहास दिखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार रात सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ओंकार जाप में भाग लिया। उसके बाद उन्होंने ड्रोन शो देखा। मंदिर परिसर में आयोजित ड्रोन शो में सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्षों के इतिहास की झलक दिखाई गई। इस दौरान गायक हंसराज रघुवंशी ने अपने भजनों से समा बांधा। लोग उनके गीतों पर खूब थिरके।
प्रकाशपुंज से पूरे विश्व को भारत की सांस्कृतिक शक्ति का संदेश
पीएम मोदी ने अपने एक्स प्लेटफार्म पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के सुअवसर पर सोमनाथ मंदिर परिसर में भव्यता और दिव्यता से भरा ड्रोन शो देखने का सौभाग्य मिला। इस अद्भुत शो में हमारी प्राचीन आस्था के साथ आधुनिक टेक्नोलॉजी का तालमेल हर किसी को मंत्रमुग्ध कर गया। सोमनाथ की पावन धरा से निकला यह प्रकाशपुंज पूरे विश्व को भारत की सांस्कृतिक शक्ति का संदेश दे रहा है।
ॐ हमारे वेदों का सार है
पीएम मोदी ने दूसरे ट्वीट में ओंकार जाप का उल्लेख करते हुए कहा कि ॐ हमारे वेदों का, शास्त्रों का, पुराणों का, उपनिषदों और वेदांत का सार है। ॐ ही ध्यान का मूल है, और योग का आधार है। ॐ ही साधना में साध्य है। ॐ ही शब्द ब्रह्म का स्वरूप है। ॐ से ही हमारे मंत्र प्रारंभ एवं पूर्ण होते हैं।
आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में 1000 सेकंड्स तक ओंकार नाद के सामूहिक उच्चार का सौभाग्य मिला। उसकी ऊर्जा से अंतर्मन स्पंदित और आनंदित हो रहा है।
ॐ तत् सत्!
उल्लेखनीय है कि रविवार को प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ मंदिर में सुबह पूजा अर्चना करेंगे। उसके बाद शोभा यात्रा में शामिल करेंगे।
















