लखनऊ । सीतापुर जनपद की नगर पालिका की ओर से समाजवादी पार्टी के कार्यालय को खाली करने के लिए नोटिस भेजी गई है। नगर पालिका की भूमि पर स्थित भवन को समाजवादी पार्टी कार्यालय के लिए आवंटित किया गया था। यह आवंटन आज के 20 वर्ष पहले निरस्त कर दिया गया था उसके बावजूद भी करीब 20 वर्षों से समाजवादी पार्टी कार्यालय अवैध रूप से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नजूल भूखण्ड संख्या 1437 के अंश भाग पर निर्मित नगर पालिका परिषद के टाउन हाल में समाजवादी पार्टी को कार्यालय चल रहा है। यह सम्पत्ति नजूल सम्पत्ति है, जिसका प्रबन्धन स्थानीय निकाय द्वारा होता है उस आवंटन प्रक्रिया में नजूल हस्त पुस्तिका के प्रस्तर-13 व प्रस्तर-14 के अपरिहार्य प्राविधानों के पालन न होने के आधार पर आवंटन आदेश तत्कालीन अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सीतापुर द्वारा दिनांक 14.05.2005 को ही निरस्त कर दिया गया था।
अब नोटिस में कहा गया है कि आवंटन निरस्त होने के बाद भी सरकार के स्वामित्व में निहित प्रश्नगत भवन को खाली नहीं किया गया। प्रश्नगत सम्पत्ति पर अनाधिकृत रुप से कब्जा किये हुये है जो अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। यह कृत्य नजूल सम्पत्ति पर अवैध अधिपत्य की परिभाषा में आता है इसलिए सूचित किया जाता है कि नोटिस प्राप्ति के 15 दिन की अवधि के भीतर स्वयं व किसी माध्यम से प्रश्नगत नजूल सम्पत्ति पर स्थित टाउन हॉल के भवन के उपरोक्त वर्णित भवन अंश को पूर्णतः खाली अवस्था में उसका कब्जा नगर पालिका परिषद सीतापुर को सौंप दे अन्यथा समय गुज़रने के बाद नगर पालिका परिषद सीतापुर उपरोक्त भवन को खाली कराकर उसका अधिपत्य प्राप्त कर लेगी और इस प्रक्रिया में आने वाले व्यय की वसूली, राजस्व बकाया के रुप में की जायेगी।

















