हर साल 26 जनवरी को पूरा देश बड़े ही गर्व और उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाता है। यह दिन हमारे संविधान के लागू होने की याद दिलाता है और हमें एकजुटता, स्वतंत्रता और लोकतंत्र का महत्व समझाता है। इस खास मौके पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचती है। परेड में हमारी सेना की ताकत, राज्यों की सांस्कृतिक झलकियां, और देश के पराक्रम को देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। अक्सर हम में से ज्यादातर लोग यह परेड टीवी पर देखते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस बार खुद वहां जाकर परेड देखने का अनुभव लिया जाए? अगर हां, तो आपके लिए यह जानकारी बहुत काम की है। यहां हम आपको गणतंत्र दिवस परेड 2026 के टिकट से जुड़ी सारी जानकारी बिल्कुल आसान भाषा में बता रहे हैं-
टिकट बिक्री कब से शुरू हुई है- गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। आप 14 जनवरी 2026 तक टिकट खरीद सकते हैं। ध्यान रखें कि टिकट हर दिन सुबह 9 बजे से बिकना शुरू होते हैं और उस दिन की सीटें खत्म होने तक ही उपलब्ध रहते हैं। इसलिए अगर आप परेड देखने जाना चाहते हैं, तो देर न करें और जल्दी टिकट बुक कर लें।
टिकट की कीमत क्या है- सबसे अच्छी बात यह है कि इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए टिकट बहुत सस्ती रखी गई है, ताकि हर आम नागरिक इसका हिस्सा बन सके।
26 जनवरी टिकट की कीमत- 20 रुपये और 100 रुपये, 28 जनवरी (बीटिंग रिट्रीट फुल ड्रेस रिहर्सल)- टिकट की कीमत: 20 रुपये, 29 जनवरी (बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी)- टिकट की कीमत: 100 रुपये। इतने कम दाम में देश का यह भव्य आयोजन देखना वाकई एक शानदार मौका है।
ऑनलाइन टिकट कैसे बुक करें- अगर आप भीड़ और लाइन में लगने से बचना चाहते हैं, तो आप घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया बहुत ही आसान है- सबसे पहले रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट aamantran.mod.gov.in पर जाएं। वहां अपना नाम, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, पता और ईमेल आईडी भरें। बुकिंग के समय आपको एक आईडी प्रूफ की जानकारी भी देनी होगी। भुगतान पूरा होते ही आपका टिकट कन्फर्म हो जाएगा।
ऑफलाइन टिकट कहां से मिलेंगे- अगर आप ऑनलाइन टिकट नहीं ले पा रहे हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं है। दिल्ली में कई जगह ऑफलाइन टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जहां से आप सीधे टिकट खरीद सकते हैं। टिकट काउंटर इन जगहों पर उपलब्ध हैं- सेना भवन (गेट नंबर 5), शास्त्री भवन (गेट नंबर 3), जंतर मंतर (मुख्य द्वार), संसद भवन (रिसेप्शन), राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (डी ब्लॉक, गेट नंबर 3–4), कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन (कॉन्कोर्स, गेट नंबर 8)।
काउंटर का समय- ये काउंटर 5-14 जनवरी तक खुले रहेंगे। समय- सुबह 10 बजे से 1 बजे तक, दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक। चाहे आप टिकट ऑनलाइन लें या ऑफलाइन, आपके पास एक ओरिजिनल फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है, जो केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया हो। आप इनमें से कोई भी एक आईडी दिखा सकते हैं- आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट।
















