अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला पर अमेरिकी मिलिट्री ऑपरेशन के बाद काफी आक्रामक बयान दिए हैं। इस ऑपरेशन में वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को पकड़ा गया। ट्रंप ने इसे मुनरो डॉक्ट्रिन का अपडेटेड वर्जन बताया और इसे मजाक में ‘डोनरो डॉक्ट्रिन’ (Donroe Doctrine) नाम दिया। उनका कहना है कि वेस्टर्न हेमिस्फियर (अमेरिकी महाद्वीप) में अमेरिका का दबदबा अब कभी सवालों के घेरे में नहीं आएगा।
मुनरो डॉक्ट्रिन क्या है?
1823 में अमेरिकी राष्ट्रपति जेम्स मॉनरो ने घोषणा की थी कि वेस्टर्न हेमिस्फियर में यूरोपीय देशों का कोई हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अमेरिका की तरफ से लैटिन अमेरिका में अपना प्रभाव बनाए रखने का तरीका था। ट्रंप कहते हैं कि अब यह पुराना हो गया है और उन्होंने इसे बहुत आगे बढ़ा दिया है – खासकर रूस और चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए। उनका नया वर्जन ‘डोनरो डॉक्ट्रिन’ है, जिसमें अमेरिका अब सिर्फ बाहर के देशों को रोकने तक सीमित नहीं, बल्कि इलाके में सीधे हस्तक्षेप करने की बात करता है।
ट्रंप का बयानट्रंप ने एयर फोर्स वन में रिपोर्टर्स से बात की और कई इंटरव्यू दिए। उनका फोकस मुख्य रूप से ड्रग ट्रैफिकिंग, तेल और अमेरिकी सुरक्षा पर रहा।
कोलंबिया पर क्या कहा
ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो पर निशाना साधा। कहा कि “वेनेजुएला और कोलंबिया दोनों बहुत बीमार हैं।” उन्होंने पेत्रो को “एक बीमार आदमी” बताया जो कोकेन बनाता और अमेरिका में बेचता है। ट्रंप का कहना था – “वह ज्यादा दिन नहीं कर पाएगा।” जब उनसे पूछा गया कि क्या कोलंबिया में भी मिलिट्री ऑपरेशन हो सकता है, तो ट्रंप ने कहा – “मुझे तो अच्छा लगता है।”
क्यूबा पर बरसे
ट्रंप ने कहा कि क्यूबा अब बहुत कमजोर हो गया है। वेनेजुएला से तेल और पैसा मिलना बंद हो गया है, इसलिए “क्यूबा अब गिरने के कगार पर है।” उनका मतलब था कि शायद अमेरिका को सीधे कुछ करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी, क्योंकि वह खुद ढह जाएगा।
मैक्सिको पर ड्रग्स का आरोप
मैक्सिको को ड्रग कार्टेल्स की वजह से निशाना बनाया। ट्रंप ने कहा कि मैक्सिको को “अपने आप को संभालना होगा” क्योंकि ड्रग्स मैक्सिको से होकर अमेरिका आ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अगर कार्टेल्स नहीं रुके तो अमेरिका कुछ करेगा।
इसे भी पढ़ें: वेनेजुएला में अमेरिकी हस्तक्षेप: ट्रंप बोले- पहले देश ठीक करो, चुनाव बाद में
टारगेट पर कई अन्य
ट्रंप ने ईरान पर भी नजर रखने की बात की। कहा कि अगर तेहरान ने विरोधियों पर हिंसा की तो अमेरिका “बहुत जोर से मारेगा।” इसके अलावा उन्होंने फिर से ग्रीनलैंड पर दावा किया। बोले कि “हमें ग्रीनलैंड चाहिए, यह बहुत स्ट्रैटेजिक है। वहां रूसी और चीनी जहाज घूम रहे हैं। नेशनल सिक्योरिटी के लिए जरूरी है।”
प्रभावित देशों की प्रतिक्रिया
कोलंबिया के राष्ट्रपति पेत्रो ने ट्रंप के बयानों को संप्रभुता पर हमला बताया और लैटिन अमेरिकी देशों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने बॉर्डर पर 5,000 सैनिक तैनात किए और कुछ इंटेलिजेंस अधिकारियों को निकाला।
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने वेनेजुएला ऑपरेशन को “स्टेट टेररिज्म” कहा। डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने ग्रीनलैंड पर अमेरिकी दावे को सिरे से खारिज किया। ट्रंप का कहना है कि वेनेजुएला में अब अमेरिका ही “चार्ज” में है। अगर अंतरिम सरकार अमेरिका की बात नहीं मानेगी तो “दूसरा स्ट्राइक” होगा।

















