इस्लामाबाद। पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार जारी है। हिंदू लड़कियों का अपहरण, जबरन इस्लामिक कन्वर्जन और निकाह के मामले बढ़ रहे हैं। मुसलमानों के अत्याचार से परेशान होकर हिंदू परिवारों ने आवाज उठाई है। सिंध के अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों ने गत दिनों इस्लामाबाद में रैली निकाली
पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र के हिंदू परिवारों ने पाकिस्तानी मुस्लिमों द्वारा किए जा रहे अत्याचारों के खिलाफ सड़कों पर उतरे। अल्पसंख्यकों ने एक रैली निकाली और इस्लामाबाद प्रेस क्लब के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं का जबरन इस्लामिक कन्वर्जन किया जा रहा है। फतवा जारी किए जा रहे हैं। सिंध के अंदर 18 साल से कम उम्र की बच्चियों के विवाह पर रोक नहीं लग रही है। डाकू हमारे मंदिरों पर हमला करने की धमकी देते हैं। कई परिवार पाकिस्तान छोड़कर भारत में शरण लेने को मजबूर हैं।
हिंदू महिला और उनकी बेटी का अपहरण
5 दिसंबर 2025 को कराची में हिंदू महिला रानी और उनकी डेढ़ साल की बेटी का घर से निकलते ही अपहरण कर लिया गया। तीन हथियारबंद लोगों ने कार में उन्हें अगवा किया। परिवार वालों ने आशंका जताई कि उनका इस्लामिक कन्वर्जन कर जबरन निकाह करा दिया जाएगा। परिवार कराची के शेरशाह के सिंधी मोहल्ले में रहता है। वारदात के तीन दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई थी।
सिंध में हिंदू आबादी सबसे ज्यादा
सिंध में हिंदू आबादी सबसे ज्यादा है। हिंदुओं की संख्या करीब 8-9 प्रतिशत है। रिपोर्ट कहती हैं कि पिछले 4 वर्षों में पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों (हिंदू, ईसाई) के खिलाफ 300 से अधिक गंभीर मामले दर्ज किए गए। औसतन हर साल करीब एक हजार घटनाएं अल्पसंख्यकों के साथ होती हैं। इनमें अपहरण, हत्या, बाल विवाह, जबरन कन्वर्जन, बलात्कार के मामले शामिल हैं। सिंध के मियां मिट्ठू जैसे कट्टरपंथी इन मामलों को संरक्षण देते हैं। सिंध में बाल विवाह रोकने कानून है, लेकिन जमीनी स्तर पर सच्चाई बिल्कुल अलग है।
मंदिरों पर डाकुओं ने हमला किया
सिंध के काश्मोर और घोटकी इलाकों में जुलाई 2023 और वर्ष 2024 में डाकुओं ने रॉकेट लॉन्चर से मंदिरों पर हमला किया। हिंदुओं को धमकियां दी। सीमा हैदर मामले के बाद घटनाएं बढ़ीं। डाकुओं ने इसे इस्लाम का अपमान बताया था और हिंदू लड़कियों के अपहरण की धमकी दी थी। लोगों ने कहा कि पाकिस्तान में और सीमा भी हैं, इन डाकुओं से कम से कम उन्हें तो सुरक्षित करें।

















