मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में जताखेड़ा स्थित सेंट एंजेलास स्कूल में मासूम बच्चों को होमवर्क न करने पर कड़ाके की ठंड में अर्धनग्न कर अमानवीय सजा दी गई। स्कूल के प्रिंसिपल समरीन खान और शिक्षक शिबू खान पर आरोप है कि उन्होंने होमवर्क न करने पर ठंड में बच्चों के कपड़े उतरवाए फिर उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरी कक्षाओं में घुमाया। इतनी ही उन सभी को मुर्गा भी बनाया गया। बच्चों ने खुद इस हैवानियत का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में उन्हें कलावा पहनने और माथे पर तिलक लगाने से भी रोका जाता है। सोशल मीडिया पर बच्चों की अर्धनग्न तस्वीर वायरल होने के बाद शुक्रवार (26 दिसंबर) को अभिभावकों और हिंदूवादी संगठनों ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने स्कूल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीहोर जिले के जताखेड़ा स्थित सेंट एंजेलास स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर कड़ाके की सर्दी में बच्चों के कपड़े उतरवाकर उन्हें पूरी कक्षाओं में घुमाया गया। आरोप है कि स्कूल में बच्चों से झाड़ू लगवाने, बाथरूम साफ करवाने के अलावा अन्य काम भी कराए जाते हैं। उन्हें कलावा पहनने और तिलक लगाने से भी रोका जाता है। सोशल मीडिया पर छात्रों की अर्धनग्न तस्वीर देखने के बाद गांव के ग्रामीण, गुस्साए परिजन और बजरंग दल के कार्यकताओं ने स्कूल के बाहर जमकर हंगामा किया। शिकायत के बाद प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम भो स्कूल पहुंची।
जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने बताया कि वह मौके पर जांच करने पहुंचे। बच्चों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर स्कूल के खिलाफ शिकायत सही पाए जाने पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं मंडी थाना पुलिस ने बच्चों और अभिभावकों की शिकायत के आधार पर शिक्षकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आरोपितों के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















