बांग्लादेश में रह रहे अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। नया मामला चटगांव से सामने आाया है। यहां के राओजान इलाके में रह रहे एक हिंदू परिवार के घर को आग के हवाले कर दिया गया। अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर चेतावनी भरा बैनर भी लटकाया।
मामला राओजान जिले के सुल्तानपुर इलाके के वेस्ट पारा का है। यहां पर बाबू शुकुशील परिवार के साथ रहते हैं। वह जयंती संघ से जुड़े प्रवासी सदस्य बताए जा रहे हैं। सोमवार देर रात कुछ लोगों ने उनके घर में आग लगा दी। उनका पूरा परिवार किसी तरह बाड़ा तोड़कर बाहर निकला और अपनी जान बचाई।
घरवालों की आंखों के सामने ही उनकी पूरी गृहस्थी और जानवर जलकर खाक हो गए। लोगों ने बताया कि अगर परिवार वाले समय पर बाहर न निकलते तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। इस क्रूरता ने स्थानीय निवासियों खासकर हिंदुओं को झकझोर कर रख दिया है। घटनास्थल के पास ही एक धमकी भरा बैनर भी लटका मिला जो हाथ से बांग्ला भाषा में लिखा गया था।
‘हिंदुओं के लिए चेतावनी सूचना’
इस बैनर का शीर्षक है ‘हिंदुओं के लिए चेतावनी सूचना’। इसमें लिखा था कि सभी हिंदुओं पर नजर रखी जा रही है। उन्हें तुरंत अपनी गतिविधियां और बैठकों को रोकने की धमकी दी गई है। साथ ही उन पर इस्लाम को बदनाम करने के आरोप भी लगाए गए हैं। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके घर और दुकानों आदि को खाक करने की धमकी दी गई है।
‘तुम्हें बचाने कोई नहीं आएगा’
सबसे डरावनी बात यह है कि इस बैनर में लिखा है कि ‘तुम्हें बचाने कोई नहीं आएगा’। बताया जा रहा है कि धमकी वाले इस बैनर में अंत में लिखा था कि राजनीतिक अस्थिरता के कारण ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इसके चलते ही हमलावरों ने उस घर को आग लगाई थी। इस धमकी के बाद इलाके के अन्य हिंदू परिवारों में भी दहशत का माहौल है।

















