कन्वर्जन के लिए ईसाई मिशनरी किस तरह उतावले और बावले हुए जा रहे हैं कि बलात्कारियों व हत्यारों तक के पक्ष में खड़े हो रहे हैं। जालंधर के पास्टर अंकुर नरूला ने एक बच्ची के बलात्कारी व हत्यारे की माफी के लिए प्रभु ईसा मसीह से प्रार्थना करने की बात कही है। इस पर पीडि़त परिवार ने कहा कि अंकुर नरूला ने हमारे जख्मों पर नमक छिडक़ा है।
जालंधर में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला
ज्ञात रहे कि पंजाब के जालंधर में गत दिनों 13 वर्षीय बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या हो गई थी। इस मामले में पास्टर अंकुर नरूला के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। पास्टर अंकुर नरूला की तरफ से बच्ची की हत्या का आरोपी हरमिंदर सिंह उर्फ रिंपी की माफी के लिए प्रार्थना को लेकर दिए गए बयान के बाद पीडि़त परिवार में रोष है।
पास्टर अंकुर नरूला का विवादित बयान
हाल ही में पास्टर अंकुर नरूला ने अपने बयान में कहा था कि उनका काम पापियों को माफी का संदेश देना है और चर्च को उन्होंने स्पिरिचुअल अस्पताल बताया। उन्होंने बाइबल का हवाला देते हुए कहा कि यीशु धर्मियों के लिए नहीं, बल्कि पापियों और गलत राह पर चलने वालों के लिए हैं, जिन्हें प्रभु माफ कर देते हैं। वे बलात्कारी की माफी के लिए भी प्रभु से प्रार्थना कर सकते हैं अगर वो प्रभु की शरण में आ जाए।
पीड़ित परिवार का फूटा गुस्सा
इस बयान के बाद पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। परिवार का कहना है कि इस बयान से उनके जख्मों पर नमक छिडक़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मौत से पूरा पंजाब ही नहीं, बल्कि देश भर के लोग दुखी हैं, लेकिन कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को गलत ढंग से उलझाकर झूठी शोहरत बटोरना चाहते हैं।
दोषियों की माफी पर पीड़ित परिवार के सवाल
परिवार ने सवाल उठाया कि अगर दोषियों को माफ करने की इतनी ही बात है, तो भारत की जेलों में बंद हत्या और बलात्कार के आरोपियों को क्यों नहीं रिहा करवा दिया जाता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पास्टर अंकुर नरूला को चाहिए कि वे सभी जेलें खाली करवाकर ऐसे आरोपियों को अपने घर ले जाएं और उनके पाप माफ कर दें।
आरोपी से करीबी होने का आरोप
परिवार ने यह भी कहा कि जिस तरह पास्टर ने आरोपी को माफी देने की बात कही, वैसी बात इस जघन्य घटना के बाद आज तक किसी और ने नहीं कही। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ऐसा प्रतीत होता है मानो आरोपी पास्टर का करीबी हो।
अन्य मामलों पर भी उठाए सवाल
साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि एक अन्य पास्टर बलजिंदर, जो दुष्कर्म केस में जेल में सजा काट रहा है, उसके पाप क्यों माफ नहीं हुए।













