प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के लिए असम दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने गुवाहाटी के लोगों को बहुत बड़ी सौगात देते हुए लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया/करेंगे।
यह नया एयरपोर्ट असम को देश और दुनिया से जोड़ने और उसकी आर्थिक तरक्की को नई उड़ान देने में मील का पत्थर साबित होगा। यह भारत का पहला नेचर थीम वाला एयरपोर्ट है, जो अपनी खूबसूरती और आधुनिक तकनीक के लिए चर्चा में है। इस एयरपोर्ट की क्या खासियत है चलिए जानते हैं।
भारत का पहला नेचर-थीम वाला एयरपोर्ट टर्मिनल
लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लगभग 1.4 लाख वर्ग मीटर में फैला है। यह सालाना 1.3 करोड़ यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। इसके नए टर्मिनल की थीम ‘बांस और ऑर्किड’ पर आधारित है, जो असम की जैव-विविधता और संस्कृति से जुड़ा है। इस टर्मिनल के निर्माण में करीब 140 मीट्रिक टन स्थानीय बांस का इस्तेमाल किया गया है।
असमिया संस्कृति का प्रतीक
टर्मिनल के अंदर 57 विशाल स्तंभ बनाए गए हैं, जो असम के राजकीय पुष्प ‘कोपौ फूल’ के आकार के हैं। इसमें असमिया संस्कृति के प्रतीक जैसे ‘जापी’ (पारंपरिक टोपी) की पेंटिंग, काजीरंगा के मनोरम दृश्य और एक सींग वाले गैंडे की मूर्ति बनाई गई हैं। यह सब मिलकर इसे बेहद पर्यावरण अनुकूल और पारंपरिक रूप देते हैं।
स्काई फॉरेस्ट
टर्मिनल का मुख्य आकर्षण इसका ‘स्काई फॉरेस्ट’ है, जिसमें लगभग 1 लाख स्वदेशी पौधे लगाए गए हैं। जब यात्री हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, तो उन्हें ऐसा महसूस होगा जैसे वह किसी इमारत में नहीं बल्कि एक घने जंगल के बीच आ गए हैं।
खूबसूरती के साथ ही यह बेहतरीन तकनीक से भी लैस है। यहां पर एआई(AI)-आधारित एयरपोर्ट ऑपरेशंस, फुल-बॉडी स्कैनर, फास्ट-ट्रैक इमिग्रेशन और ऑटोमैटिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम लगाया गया है। डिजी यात्रा की मदद से लोग पूरी तरह से पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस एंट्री कर पाएंगे। यह सभी सहज, सुरक्षित और कुशल यात्रा सुनिश्चित करती हैं।
आगमन क्षेत्र में एक सामुदायिक केंद्र बनाया गया है जहां यात्रियों के लिए रिटेल आउटलेट्स, फूड कोर्ट और एम्फीथिएटर की सुविधा है। इस भव्य टर्मिनल को लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह टर्मिनल पूर्वोत्तर भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया (जैसे थाईलैंड, सिंगापुर, वियतनाम) से जोड़ने वाले एक प्रमुख हब के रूप में काम करेगा। इससे पर्यटन और व्यापार को खासा बढ़ावा मिलेगा।
दुनिया के बेहतरीन नेचर-थीम वाले एयरपोर्ट्स की लिस्ट में हुआ शामिल
इसके साथ ही यह एयरपोर्ट दुनिया के कुछ बेहतरीन नेचर-थीम वाले एयरपोर्ट्स की लिस्ट में भी शामिल हो गया है। जैसे सिंगापुर का चांगी एयरपोर्ट (ज्वेल),जो अपने विशाल इंडोर रेनफॉरेस्ट, शिसेडो फॉरेस्ट वैली और शानदार रेन वर्टेक्स झरने के लिए दुनिया भर में मशहूर है। या फिर इजराइल का रमोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जो वहां के रेगिस्तान का अनुभव करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें देसी पौधों से भरे इंडोर गलियारे और रेगिस्तानी पहाड़ों के नजारे बने हुए हैं।

















