बरेली में सितंबर में हुए हिंसा के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान पर पुलिस ने दो तरफा से एक्शन लिया है। एक तरफ दंगे से जुड़े एक मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है, तो दूसरी तरफ जमीन कब्जाने और धमकाने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज हुआ है। तौकीर रजा पहले से ही कई मामलों में आरोपी हैं और कुछ में जमानत पर बाहर हैं।
क्या है पूरा मामला?
26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद बरेली में नौहमला मस्जिद के पास तौकीर रजा और उनके साथी नदीम खान के बुलावे पर कट्टरपंथियों की भीड़ इकट्ठा हुई। ये लोग इस्लामिया मैदान की तरफ मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद भीड़ ने सरकार विरोधी नारे के साथ ही मजहबी नारेबाजी भी की गई। इस दौरान पुलिस पर पत्थर फेंके गए। इस हिंसा में कई पुलिसवाले घायल हो गए। इस घटना में कई जगहों पर बवाल हुआ और अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हुए।
हिंसा के मामले में चार्जशीट दाखिल
कोतवाली पुलिस ने हिंसा के तीसरे मुकदमे में कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी है। इसमें तौकीर रजा को मुख्य आरोपी बनाया गया है और कुल 20 लोग नामजद हैं। इनमें नफीस खां और उनका बेटा फरहान रजा खां, नदीम खान, मुनीर इदरीशी, फैजुल नवी, आरिफ खान, अनीस सकलैनी (आईएमसी के महानगर अध्यक्ष और पार्षद), अफजल बेग, शफी अहमद, फरहत और उनका बेटा मोईन अली, सईद अहमद, रिहान, अफरोज, जुबैर, कसान, आमान हुसैन, मोहम्मद हरमैन और नेमतुल्ला शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: बस्तर ओलंपिक-2025 का अमित शाह ने किया समापन, कहा- नक्सलवाद खत्म होते ही विकास की होगी नई शुरुआत
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि 26 सितंबर के बवाल के इस तीसरे केस में मौलाना तौकीर समेत 20 उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है। बाकी मामलों में भी जल्द चार्जशीट दाखिल होगी। इससे पहले हिंसा के दो अन्य मामलों में भी चार्जशीट लग चुकी है।
जमीन विवाद में नया मुकदमा
दूसरी तरफ, इज्जतनगर थाने में तौकीर रजा और उनके दामाद मोहसिन रजा समेत 10 लोगों पर नया केस दर्ज हुआ है। शिकायत रहपुरा चौधरी की रहने वाली लईवा ने की है, जो पीड़ित शकीर बेग की बेटी है। आरोप है कि पिछले सात साल से तौकीर, मोहसिन, इकराम बेग, इरफान बेग, विक्की और शकीर के चाचा शरीक बेग, तौफीक बेग, शाहिद, साबिर बेग, शादिक बेग मिलकर उनकी जमीन जबरन हथियाने की कोशिश कर रहे हैं।
महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप
घर में घुसकर मारपीट की जाती है और महिलाओं से अभद्रता करके उनकी इज्जत भंग करने की कोशिश की गई। इतना परेशान होकर शकीर बेग ने 12 दिसंबर को एसएसपी दफ्तर के सामने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी। लईवा ने कहा कि उनके चाचा और दूसरे आरोपी मिलकर पिता को डराते-धमकाते हैं और जमीन छीनना चाहते हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने पर और भी एक्शन हो सकता है।

















