केरल की राजनीति में बड़ा भूचाल देखने को मिला है। स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) से सत्ता छीन ली है। यह वही नगर निगम है, जिस पर LDF पिछले चार दशकों से लगातार काबिज रहा था।
राजधानी में सत्ता परिवर्तन, वाम मोर्चे को बड़ा झटका
तिरुवनंतपुरम न सिर्फ केरल की प्रशासनिक राजधानी है, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम मानी जाती है। लंबे समय से यह क्षेत्र कांग्रेस और LDF के प्रभाव वाला रहा है। ऐसे में यहां बीजेपी की जीत को वाम राजनीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
शशि थरूर का गढ़, फिर भी बीजेपी की सेंध
बता दें कि तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर लगातार चार बार सांसद चुने जा चुके हैं। इस कारण यह इलाका पारंपरिक रूप से गैर-बीजेपी माना जाता रहा है, लेकिन नगर निगम चुनाव परिणाम ने इस धारणा को तोड़ दिया है।
शहरी मतदाताओं का बदला रुझान
राजनीतिक विशेषज्ञों की माने तो , यह जीत विधानसभा चुनाव में 2-3 सीटें जीतने से कहीं अधिक प्रभावशाली है। शहरी स्थानीय निकाय में सत्ता हासिल करना इस बात का संकेत है कि शहरी मतदाता अब पारंपरिक LDF-UDF ध्रुवीकरण से बाहर निकाल कर बेहतर विकल्प तलाश रहा है।
LDF के खिलाफ नाराजगी
इस स्थानीय चुनावी रुझानों से एक बात तो साफ है कि शहरी इलाकों में LDF सरकार के खिलाफ असंतोष तेजी से बढ़ा है। वहीं शहरी बुनियादी ढांचा, प्रशासन, पारदर्शिता और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं की नाराजगी भी नगर निगम चुनावों में खुलकर सामने आई।
बीजेपी ने बताया निर्णायक जनादेश
बीजेपी नेतृत्व ने इस जीत को ऐतिहासिक और निर्णायक जनादेश करार दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह परिणाम केरल में बीजेपी के बढ़ते संगठनात्मक आधार और जनता के बदलते मूड का स्पष्ट संकेत है।
LDF में आत्ममंथन की शुरुआत
वहीं LDF नेतृत्व ने नतीजों को गंभीरता से लेते हुए आत्ममंथन की बात कही है। वाम नेताओं ने कहा कि वार्ड स्तर पर चुनाव परिणामों का विश्लेषण किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर रणनीति में सुधार किया जाएगा।
पीएम मोदी ने बताया ‘वॉटरशेड मोमेंट’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम जीत पर शहर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “Thank you Thiruvananthapuram!”
Thank you Thiruvananthapuram!
The mandate the BJP-NDA got in the Thiruvananthapuram Corporation is a watershed moment in Kerala’s politics.
The people are certain that the development aspirations of the state can only be addressed by our Party.
Our Party will work towards…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 13, 2025
केरल की राजनीति में नए समीकरण
पीएम मोदी ने इस जनादेश को केरल की राजनीति में एक ‘वॉटरशेड मोमेंट’ बताया। उन्होंने कहा कि यह समर्थन दर्शाता है कि राज्य की जनता मानती है कि केरल की विकासात्मक आकांक्षाएं केवल बीजेपी ही पूरी कर सकती है और पार्टी ‘Ease of Living’ को और बेहतर बनाने के लिए काम करेगी।

















