अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड को केवल पैसे से मतलब है वो किस तरह से आ रहे हैं ये मायने नहीं रखता है। लेकिन उनकी इन हरकतों के खिलाफ उनके ही देश में विरोध शुरू हो गया है। खासकर वेनेजुएला के तट से एक तेल टैंकर को जब्त करने के बाद। ये मामला 10 दिसंबर 2025 का है, जब अमेरिकी सेनाओं ने स्किपर नाम के एक बड़े तेल टैंकर को पकड़ लिया। ट्रंप प्रशासन इसे ड्रग तस्करी के खिलाफ कदम बता रहा है, लेकिन कई सांसद इसे तेल के लिए लूट और युद्ध की शुरुआत मान रहे हैं। डेमोक्रेट्स के साथ-साथ कुछ रिपब्लिकन भी नाराज हैं।
ट्रंप की कैरीबियन नीति
ट्रंप ने वेनेजुएला को ड्रग तस्करी का दोषी ठहराया है। उन्होंने कैरीबियन में अमेरिकी सैन्य तैनाती को 1962 के क्यूबा मिसाइल संकट के बाद के सबसे बड़े स्तर पर पहुंचा दिया है। ट्रंप वेनेजुएला पर हमले को ‘नार्को-टेररिस्ट्स’ के खिलाफ अभियान करार दे रहे हैं, लेकिन असल में ये तेल की लूट से जुड़ा है। अब तक इस कैंपेन में कथित ड्रग नावों पर बमबारी से 80 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। मई में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट की रिपोर्ट कहती है कि फेंटेनाइल ज्यादातर चीन और मैक्सिको से आता है, जबकि कोकीन कोलंबिया, पेरू और बोलीविया से। वेनेजुएला का नाम इसमें कम ही आता है।
ट्रंप के खिलाफ अमेरिका में ही विरोध
पिछले हफ्ते ही सीनेटर एडम शिफ, रैंड पॉल, टिम केन और चक श्यूमर ने एक रेजोल्यूशन पेश किया। ये ट्रंप को बिना कांग्रेस की मंजूरी के वेनेजुएला के साथ सैन्य टकराव से रोकने के लिए था। ये सब दिखाता है कि वॉशिंगटन में नीति को लेकर मतभेद गहरे हो रहे हैं।
टैंकर जब्ती की पूरी घटना
10 दिसंबर को वेनेजुएला के तट के पास अमेरिकी सेनाओं ने स्किपर टैंकर पर कब्जा कर लिया। ये टैंकर सालों से वेनेजुएला और ईरान के सैंक्शंड तेल को ले जा रहा था। अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी के मुताबिक, एफबीआई, होमलैंड सिक्योरिटी और कोस्ट गार्ड ने मिलकर वारंट के तहत ये कार्रवाई की। उनका कहना है कि ये टैंकर विदेशी आतंकी संगठनों को सपोर्ट करने वाले नेटवर्क का हिस्सा था।
ट्रंप भी यही राग अलाप रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने वेनेजुएला के तट पर एक टैंकर जब्त कर लिया – बड़ा टैंकर, बहुत बड़ा, असल में सबसे बड़ा जो कभी जब्त हुआ।” जब तेल का क्या होगा, पूछा गया तो बोले, “हम तेल रख लेंगे, मुझे लगता है!” सैटेलाइट इमेज से पता चलता है कि नवंबर 18 को ये टैंकर नजर आया था। वीडियो फुटेज में अमेरिकी जवान टैंकर पर चढ़ते दिख रहे हैं।
वेनेजुएला ने इसे खुली डकैती कहा
वेनेजुएला सरकार ने इसे “खुली चोरी और अंतरराष्ट्रीय समुद्री डकैती” कहा। उनका दावा है कि अमेरिका की आक्रामकता हमेशा से हमारे प्राकृतिक संसाधनों, तेल और ऊर्जा को निशाना बनाती रही है।
सांसदों की प्रतिक्रियाएं
अमेरिकी डेमोक्रेट सांसदों में गुस्सा साफ दिख रहा है। मैरीलैंड के सीनेटर क्रिस वैन हॉलन, जो फॉरेन रिलेशंस कमिटी में हैं, बोले, “ये दिखाता है कि उनका पूरा कवर स्टोरी – ड्रग रोकना – एक बड़ा झूठ है। ये रिजीम चेंज के लिए जबरदस्ती का एक और सबूत है।” सीनेटर क्रिस कून्स ने कहा, “मुझे नहीं पता राष्ट्रपति टैंकर क्यों जब्त कर रहे हैं, लेकिन मुझे गंभीर चिंता है कि वो हमें वेनेजुएला के साथ युद्ध में धकेल रहे हैं।”
सीनेटर मार्क वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “तो वो तेल टैंकर जब्त कर सकते हैं, लेकिन ड्रग नाव नहीं?” चक श्यूमर ने सीएनएन से कहा कि ट्रंप की बातें इतनी बिखरी हुई हैं कि उनकी असली मंशा समझ ही नहीं आती। “अगर मादुरो खुद भाग जाएं, तो सबको अच्छा लगेगा, लेकिन ट्रंप की नीतियों को सपोर्ट करना मुश्किल है।” एडम शिफ ने इसे “बहुत खतरनाक बढ़ोतरी और संभावित टकराव की शुरुआत” बताया।
ट्रंप की पार्टी के लोगों ने भी किया विरोध
इस बीच रिपब्लिकन साइड से भी आवाज आई। सीनेटर रैंड पॉल ने न्यूज नेशन से कहा, “किसी का तेल टैंकर जब्त करना युद्ध की शुरुआत है। क्या अमेरिकी सरकार का काम दुनिया भर में दुश्मन ढूंढना और युद्ध शुरू करना है?” वॉशिंगटन में ये मामला बाइपार्टिसन चिंता पैदा कर रहा है। ट्रंप प्रशासन की बढ़ती सैन्य सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

















