उधम सिंह नगर । हरिपुरा जलाशय के समीप ठण्डा नाला व गूलरभोज क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिंचाई विभाग के नियंत्रणीय वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर चिन्हीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने बताया कि उन्हें यह भूमि श्री असगर अली पुत्र लाहोरी शाह द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से बेची गई है।
सहायक अभियंता, सिंचाई खंड रुद्रपुर की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दर्ज रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि असगर अली द्वारा सरकारी भूमि को अपना बताते हुए फर्जी स्टाम्प और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अवैध रूप से बेचा जा रहा था। इससे राजकीय भूमि को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है।
प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण और धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

















