अमेरिका के एक शीर्ष पूर्व पेंटागन अधिकारी माइकल रुबिन ने पाकिस्तान और उसकी सेना के चीफ जनरल आसिम मुनीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। रुबिन ने साफ कहा कि पाकिस्तान ऐसा देश है जो आतंकवाद को बढ़ावा देता है, इसलिए उसे “आतंकी देश” घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर अमेरिका आते हैं, तो उनका सम्मान नहीं बल्कि गिरफ्तारी होनी चाहिए।
माइकल रुबिन के अनुसार, अमेरिका के लिए पाकिस्तान के साथ दोस्ती रखना अब किसी भी तरह से रणनीतिक रूप से सही फैसला नहीं है। अमेरिका लंबे समय से पाकिस्तान की मदद करता रहा है लेकिन बदले में पाकिस्तान ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए कोई गंभीर कदम नहीं उठाया। उल्टा, उसने कई बार ऐसे आतंकी संगठनों को पनाह दी है जो भारत और दुनिया की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। रुबिन ने कहा कि अमेरिका को पर्दे के पीछे बैठकर चुपचाप डिप्लोमेसी करने के बजाय अब खुलकर अपना रुख सामने लाना चाहिए। पाकिस्तान को यह संदेश देना जरूरी है कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले देशों को अब बख्शा नहीं जाएगा। उनका मानना है कि पाकिस्तान पर मजबूत एक्शन लेने से दुनिया में आतंक के खिलाफ अमेरिका की छवि और भी मजबूत होगी।
उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों पर भी बड़ी बात कही। रुबिन के मुताबिक, पिछले एक साल में भारत के साथ अमेरिका का रवैया ठीक नहीं रहा है। इसलिए अमेरिका को भारत से खुलकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसका सम्मान होना चाहिए। पूर्व अधिकारी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भले ही ट्रंप को माफी मांगना पसंद नहीं हो, लेकिन अमेरिका के हित और लोकतंत्र की मजबूती किसी भी व्यक्ति के अहंकार से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। माइकल रुबिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और अमेरिका के संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, वहीं पाकिस्तान आर्थिक और राजनीतिक संकटों से गुजर रहा है। इस बयान ने पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और दबाव बढ़ा दिया है।

















